चंपत राय और अनिल मिश्रा पर FIR दर्ज कराने के लिए आज राम जन्मभूमि थाने पहुंचेंगे वकील

अयोध्या: राम मंदिर चंदा चोरी मामले पर गुरुवार को वकील राम मंदिर ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय , सदस्य डॉ अनिल मिश्रा और विशेष आमंत्रित सदस्य डॉ गोपाल राव के खिलाफ पुलिस में तहरीर देंगे। मुकदमा दर्ज होने तक वकील थाना राम जन्मभूमि पर मौजूद रहेंगे।
फैजाबाद बार एसोसिएशन संघ ने निर्णय लिया है कि गुरुवार को 11 बजे कचहरी परिसर से थाना राम जन्मभूमि के लिए वकीलों का जन सैलाब निकलेगा। वकील चंपत राय, अनिल मिश्रा और गोपाल राव के खिलाफ मुकदमा नहीं लिखे जाने तक आंदोलन करते रहेंगे।
पांच लाख जुर्माना लगाने का किया था ऐलान
इससे पहले अयोध्या के वकीलों ने मांग की थी कि चंपत राय और अनिल मिश्रा तीन दिन के भीतर अयोध्या छोड़कर चले जाएं। उन्होंने यह निर्णय भी लिया था कि अगर कोई वकील आरोपियों का केस लड़ेगा तो उस पर पांच लाख रुपये जुर्माना लगाया जाएगा।
15 जुलाई तक बढ़ा एसआईटी का कार्यकाल
गौरतलब है कि राम मंदिर चंदा चोरी की जांच के लिए बनी एसआईटी का कार्यकाल 15 जुलाई तक बढ़ा दिया गया है। अभी तक अयोध्या पुलिस ने इस मामले में आठ आरोपियों को अरेस्ट किया है। सभी को 14 दिन के लिए जेल भेजा गया है। आरोपी अविनाश शुक्ला ने पूछताछ के दौरान कई खुलासे किए हैं। उसने बताया कि दान के पैसे और गहने चुराने के बाद वे लोग उसे कुछ देर के लिए मंदिर परिसर में मौजूद वॉशरूम में रखते थे। इसके बाद मौका पाते ही वहां से निकाल लेते थे।
गोपाल राव की भूमिका पर उठे सवाल
इस बीच, राम मंदिर से जुड़े विवाद के बीच गोपाल राव की भूमिका पर सवाल उठने लगे हैं। साधु कल्कि राम और वरुण दास ने गोपाल राव पर गंभीर सवाल खड़े करते हुए कहा कि उनका राम मंदिर ट्रस्ट में कोई योगदान नहीं है और उन्हें तत्काल वहां से हटाया जाना चाहिए। दोनों संतों ने उनकी भूमिका की जांच कराने और आवश्यक कार्रवाई किए जाने की मांग की।




