भीषण सड़क हादसा, खड़े ट्रैक्टर से टकराई स्कूटी, 2 बच्चों समेत 4 की मौत

दुर्ग: दुर्ग-रायपुर नेशनल हाईवे-53 पर कुम्हारी थाना क्षेत्र में भीषण सड़क हादसा हुआ. तेज रफ्तार स्कूटी सड़क किनारे खड़े ट्रैक्टर के पीछे जा टकराई. हादसे में एक ही परिवार के चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई. 8 वर्षीय मासूम गंभीर रूप से घायल हो गया. घायल बच्चे का इलाज रायपुर एम्स में जारी है, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है.
4 लोगों की मौके पर ही मौत
छावनी सीएसपी प्रशांत सिंह पैकरा ने बताया कि स्कूटी क्रमांक CG 07 DE 5847 पर पांच लोग सवार होकर भिलाई-3 से रायपुर के बसंत विहार स्थित अपने मामा के घर पूजा कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे. स्कूटी अमृत निर्मलकर (28) चला रही थीं. सुबह करीब 10 से 10:30 बजे दशमेश ढाबा के पास उनकी तेज रफ्तार स्कूटी हाईवे किनारे खड़े ऑक्सीजन सिलेंडरों से लदे ट्रैक्टर CG 07 NA 0930 के पिछले हिस्से से जा टकराई.
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि अमृत निर्मलकर (28), लक्ष्मी निर्मलकर (26), 7 वर्षीय यासना और 4 वर्षीय डाली की मौके पर ही मौत हो गई. हादसे में 8 वर्षीय भावेश गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे पहले नजदीकी अस्पताल और बाद में रायपुर एम्स रेफर किया गया.
सूचना मिलते ही पहुंची पुलिस
हादसे की सूचना मिलते ही कुम्हारी पुलिस मौके पर पहुंची. कुम्हारी पुलिस ने ट्रैक्टर को जब्त कर चालक भोला यादव को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है. ड्राइवर ने बताया कि ट्रैक्टर हाइवे पर खड़ा था, जिसकी वजह से यह बड़ा हादसा हुआ शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई शुरू की.
प्रत्यक्षदर्शियों ने लगाए आरोप
कुछ प्रत्यक्षदर्शियों ने आरोप लगाया कि हादसे के समय हाईवे से नेताओं का काफिला गुजर रहा था. उनका कहना है कि पुलिस वीआईपी प्रोटोकॉल ड्यूटी में व्यस्त थी और हादसे के बाद तत्काल राहत कार्य में तेजी नहीं दिखाई गई. हालांकि, इस संबंध में पुलिस की ओर से अबतक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और हादसे के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा रहा है.



