सुप्रिया सुले ने प्रियंका गांधी के साथ शेयर की तस्वीर

नई दिल्ली/मुंबई: एनसीपी (शरद पवार गुट) की सांसद सुप्रिया सुले ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर एक फोटो शेयर की है। इस फोटो में वो कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा के साथ तिरंगा हाथ में लिए खड़ी नजर आ रही है। इस फोटो को शेयर करते हुए उन्होंने जय हिंद कैप्शन लिखा है। इस फोटो के साथ सुप्रिया सुले ने एक वीडियो भी शेयर किया। इसमें उन्होंने विस्तृत संदेश भी साझा किया है। इसमें उन्होंने INDIA गठबंधन के सांसदों की ओर से गांधी स्मृति में आयोजित श्रद्धांजलि कार्यक्रम की जानकारी दी।
इंडी गठबंधन ने निकाला मार्च
सुप्रिया सुले ने अपने पोस्ट में लिखा कि INDIA गठबंधन के सभी सांसदों ने गांधी स्मृति का दौरा कर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की पवित्र स्मृतियों को नमन किया। इस दौरान उन छात्रों को भी श्रद्धांजलि अर्पित की गई जिन्होंने NEET और Re-NEET परीक्षाओं से जुड़ी कथित अव्यवस्थाओं के कारण अपनी जान गंवा दी। उन्होंने कहा कि INDIA गठबंधन का स्पष्ट मानना है कि इन छात्रों और उनके परिवारों को न्याय मिलना चाहिए। उन्होंने परीक्षा में हुई कथित गड़बड़ियों के खिलाफ छात्रों द्वारा चलाए जा रहे आंदोलन का समर्थन करते हुए कहा कि सरकार को उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार करना चाहिए और उचित कदम उठाने चाहिए।
सुप्रिया ने लिखा जारी रहेगा संघर्ष
सुप्रिया सुले ने अपने संदेश में कहा कि गांधी स्मृति में आयोजित इस कार्यक्रम के दौरान गठबंधन के सांसदों ने उन सभी छात्रों को याद किया, जिनकी मौत NEET पेपर लीक और परीक्षा विवाद के बाद हुई। उन्होंने कहा कि इन युवाओं की याद हमेशा देश के लोगों के दिलों में जीवित रहेगी। उन्होंने आगे लिखा कि INDIA गठबंधन शोक संतप्त परिवारों के साथ मजबूती से खड़ा है। न्याय, जवाबदेही और ऐसी शिक्षा व्यवस्था के लिए संघर्ष जारी रखेगा जो प्रत्येक छात्र के विश्वास, मेहनत और भविष्य का सम्मान करे।
एकजुटता का दिया संदेश
सुप्रिया सुले की इस पोस्ट और प्रियंका गांधी के साथ साझा कर इंडी गठबंधन की एकजुटता का संदेश दिया है। इसके साथ INDIA गठबंधन ने एक बार फिर स्पष्ट किया है कि वह छात्रों के हितों और उनकी मांगों के समर्थन में अपनी आवाज उठाता रहेगा। वहीं केंद्र सरकार के खिलाफ वो मिलकर आगे बढ़ेगा। बता दें कि सुप्रिया सुले ने पिछले दिनों संकेत दिया था कि अगर सरकार राज्यों में लोकसभा और विधानसभा सीटों की संख्या 50 प्रतिशत तक बढ़ाने के लिए बिल में कोई बड़ा संशोधन करती है तो एनसीपी (शरद पवार) इस बिल का समर्थन कर सकती है। लेकिन एक बार फिर इंडी गठबंधन की एकजुटता केंद्र सरकार की मुश्किल बढ़ा सकता है।




