गंभीर के कोच बनने से बढ़े विवाद, रोहित-विराट-अश्विन को संन्यास के लिए किया मजबूर, तिवारी ने लगाए आरोप

नई दिल्ली
गौतम गंभीर जब से टीम इंडिया के कोच बने हैं, तभी से भारतीय क्रिकेट में बवाल मचा हुआ है। कई दिग्गज खिलाड़ी अलग-अलग फॉर्मेट से गंभीर के आने के बाद रिटायर हो चुके हैं। वहीं, टीम चयन में भी गंभीर के आने के बाद से लगातार बवाल चलता ही आ रहा है। अब गौतम गंभीर को लेकर उन्हीं के एक पुराने दोस्त ने गहरे आरोप लगाए हैं। पूर्व भारतीय क्रिकेटर मनोज तिवारी ने हेड कोच गौतम गंभीर पर टीम के मौजूदा माहौल को बिगाडऩे का आरोप लगाया है। तिवारी का कहना है कि गंभीर के कोच बनने के बाद से टीम में कई विवादित घटनाएं हुई हैं। हाल ही में रोहित शर्मा को वनडे कप्तानी से हटाकर शुभमन गिल को कप्तान बनाए जाने के फैसले ने सोशल मीडिया पर काफी हलचल मचा दी है। इस बदलाव को लेकर फैंस के बीच बहस छिड़ गई है। कुछ लोग तो यह सवाल भी उठा रहे हैं कि क्या रोहित और विराट 2027 वल्र्ड कप में खेल पाएंगे।
रोहित और विराट 2025 चैंपियंस ट्रॉफी के बाद पहली बार कोई अंतरराष्ट्रीय मैच खेलने वाले हैं। उन्होंने इसी साल ऑस्ट्रेलिया दौरे के बाद टेस्ट क्रिकेट से संन्यास का ऐलान किया था। हालांकि किसी को उम्मीद नहीं थी कि वे इंग्लैंड के खिलाफ एक महत्त्वपूर्ण सीरीज से पहले इस तरह से विदा लेंगे। रविचंद्रन अश्विन ने भी पिछले साल ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के बीच में ही संन्यास ले लिया था। तिवारी ने कहा कि मौजूदा हैड कोच को यह पसंद नहीं है कि उनके फैसलों पर सवाल उठाए जाएं। तिवारी ने कहा, अगर सीनियर खिलाड़ी मौजूद हैं, अगर अश्विन हैं, अगर रोहित हैं, तो ये खिलाड़ी बहुत क्रिकेट खेल चुके हैं। ये खिलाड़ी हैड कोच या बाकी स्टाफ से कहीं ज्यादा स्थापित हैं। अगर वे किसी बात से सहमत नहीं होंगे, तो सवाल जरूर उठाएंगे। आपने बस यह सुनिश्चित कर लिया कि ये खिलाड़ी वहां न रहें। तिवारी ने आगे कहा, मैंने देखा है कि जब से यह कोच बने हैं, तब से बहुत सारे विवाद हुए हैं।




