तिलक नगर मर्डर केस: डेढ़ साल पहले जिम में हुई थी मुलाकात, तीन माह पहले मुस्कान ने खत्म किया था रिश्ता

पश्चिमी दिल्ली। तिलक नगर थाना क्षेत्र में ओल्ड महावीर नगर में हुई मॉडल मुस्कान की जघन्य हत्या के मामले में जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ रही है, सनक और एकतरफा दबाव का एक खौफनाक पहलू सामने आ रहा है। मुस्कान और आरोपित आकिब उर्फ इमरान की मुलाकात करीब डेढ़ साल पहले सेवन जोन जिम में हुई थी, जहां आकिब ट्रेनर था और उसी के कहने पर मुस्कान मॉडलिंग की ओर प्रेरित हुई थी।
हालांकि, काम में लगातार लापरवाही, रोजाना लेट लतीफी और बिना पूर्व सूचना के छुट्टियां मारने के कारण आकिब को तीन महीने पहले ही जिम से निकाल दिया गया था और वह तब से बेरोजगार चल रहा था।
आकिब पिछले छह महीनों से मुस्कान पर शादी करने का लगातार दबाव बना रहा था, लेकिन अपने करियर और भविष्य को लेकर चिंतित मुस्कान ने जब उसे कई बार समझाने के बाद भी बात न बनते देखी, तो करीब चार महीने पहले उससे पूरी तरह बातचीत बंद कर दूरी बना ली।
रिश्ता खत्म होने और जिम से निकाले जाने के बावजूद आकिब की सनक कम नहीं हुई और वह लगातार मुस्कान का पीछा करता रहा। मुस्कान ने इस मानसिक तनाव और पीछा किए जाने की बात चंडीगढ़ में रहने वाली अपनी बहन और पारिवारिक मित्र अमन को भी बताई थी, तथा हाल ही में एक रेस्टोरेंट में मुलाकात के दौरान भी उसने आकिब को स्पष्ट कर दिया था कि वह शादी के लिए तैयार नहीं है।
आकिब को पता था कि घर में मुस्कान है अकेली
वारदात वाले दिन आकिब को इस बात की पूरी जानकारी थी कि घर में कोई मौजूद नहीं है, क्योंकि मुस्कान की दोनों बड़ी बहनें (मुंबई और चंडीगढ़ में) शहर से बाहर थीं, जबकि उसकी मां और छोटा भाई आकाश किसी काम से बाहर गए हुए थे। इसी बात का फायदा उठाकर आकिब उसके घर पहुंचा और वारदात को अंजाम देकर फरार हो गया।
घर के बाहर तीन स्तरीय सुरक्षा
दो अलग समुदाय से जुड़ा मामला होने के कारण पुलिस इस मामले में पूरी सतर्कता बरत रही है। पश्चिमी जिला पुलिस उपायुक्त हरेश्वर वी स्वामी के निर्देश पर इलाके में तीन स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था तैनात कर दी गई है।मुस्कान के घर के आसपास केवल परिवार के करीबी व मोहल्ले के लोगों को भी प्रवेश दिया जा रहा है।
जिन चुनते समय ध्यान देना जरूरी
स्थानीय लोगों का कहना है कि लोगों को जिम चुनते समय वहां काम करने वाले स्टाफ के बारे में पूरी जानकारी और सत्यापन जरूर कर लेना चाहिए। एक पड़ोसी ने कहा कि जिस जिम में मुस्कान वर्कआउट करती थी और वहां आरोपित पहले ट्रेनर के रूप में काम करता था। वहां के एक कर्मचारी ने बताया कि कई ग्राहकों के साथ आरोपित का व्यवहार सही नहीं था। उसके खराब आचरण से वहां के लोग खुश नहीं थे।
चल रही छापेमारी
पुलिस आकिब के मोबाइल डेटा, इंटरनेट मीडिया गतिविधियों तथा संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। वहीं दूसरी ओर, घटना की गंभीरता को देखते हुए सेवन जोन जिम प्रबंधन ने भी अपने इंटरनेट मीडिया हैंडल से आकिब से जुड़े सभी वीडियो हटा दिए हैं।




