खेल

भारत ने ऑस्ट्रेलिया को 7 रन से हराया, आखिरी ओवर में सिर्फ 3 रन बना पाए कंगारू

राजकोट: भारत और ऑस्ट्रेलिया की अंडर-19 टीम के बीच वनडे सीरीज का पहला मुकाबला भारत ने 7 रन से जीत लिया। इस मैच में भारतीय टीम ने आखिरी ओवर में 11 रनों का बचाव करते हुए सिर्फ 3 रन बनने दिए और रोमांचक जीत दर्ज की। 3 मैच की सीरीज में पहला मुकाबला जीतकर भारतीय टीम ने 1-0 की बढ़त ले ली है। इस मैच में वीरेंद्र सहवाग और राहुल द्रविड़ के बेटे भी खेल रहे थे। हालांकि, सबसे बेहतरीन प्रदर्शन ऑलराउंडर यशबर्धन चौहान का रहा। उन्होंने अर्धशतकीय पारी खेलने के साथ ही 2 विकेट भी अपने नाम किए।

वीरेंद्र सहवाग के बेटे आर्यवीर ने इस मैच में भारत के लिए पारी की शुरुआत की। उन्होंने 26 गेंदों का सामना किया और 5 चौकों की मदद से 28 रन बनाकर आउट हुए। बारिश के कारण यह मैच 50 की बजाय 20 ओवर का कर दिया गया था। ऐसे में दोनों टीमों को अपनी रणनीति में थोड़ा बदलाव करना पड़ा।

अन्वय ने खेली तूफानी पारी

राहुल द्रविड़ के बेटे अन्वय भारत के लिए छठे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए आए। उन्होंने 2 चौके और 3 छक्कों की मदद से 18 गेंद में 38 रन की तेज और उपयोगी पारी खेली। उनका स्ट्राइक रेट 211 का रहा। भारत ने टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 6 विकेट खोकर 182 रन बनाए। इसके जवाब में कंगारू टीम 7 विकेट खोकर 175 रन ही बना सकी और 7 रन से हार गई।

यशबर्धन ने किया कमाल

भारत के लिए यशबर्धन चौहान ने सबसे ज्यादा 54 रन बनाए। उन्होंने 34 गेंदों की पारी में 5 चौके और 2 छक्के लगाए। अन्वय के साथ मिलकर पांचवें विकेट के लिए उन्होंने 69 रन की साझेदारी की। भारत को अच्छे स्कोर तक पहुंचाने में इस साझेदारी का सबसे अहम योगदान रहा। क्योंकि एक समय पर भारत ने 12 ओवर में 88 रन के स्कोर पर 4 विकेट गंवा दिए थे। ऑस्ट्रेलिया के लिए ऑफ स्पिनर एली ब्रेन सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने 4 ओवर में 29 रन देकर 2 विकेट लिए।

Related Articles

Back to top button