दिल्लीराष्ट्रीय

कालकाजी मंदिर के पास 17 साल की लड़की से गैंगरेप में दिल्ली पुलिस का एक्शन, मुठभेड़ में एक दरिंदा गिरफ्तार

दक्षिणी दिल्ली। कालकाजी मंदिर के पास 17 वर्षीय किशोरी से सामूहिक दुष्कर्म के मामले में दिल्ली पुलिस ने एक आरोपित को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के अनुसार, आरोपित और पुलिस के बीच संक्षिप्त मुठभेड़ हुई, जिसके बाद उसे दबोच लिया गया। मामले में शामिल अन्य आरोपितों की तलाश में पुलिस की टीमें जुटी हैं। पुलिस घटना की आगे की जांच कर रही है।

मंदिर के पीछे पार्क में हुई वारदात

पुलिस के मुताबिक, सोमवार शाम 17 वर्षीय किशोरी अपने 17 वर्षीय नाबालिग दोस्त के साथ कालकाजी मंदिर में दर्शन के लिए पहुंची थी। शाम करीब सात बजे मंदिर पहुंचने के बाद दोनों करीब 7:30 बजे मंदिर के पीछे आस्था कुंज पार्क की ओर चले गए।

इसी दौरान 25 से 30 वर्ष की उम्र के तीन युवक वहां पहुंचे। आरोप है कि तीनों ने खुद को पुलिसकर्मी बताया और किशोरी व उसके दोस्त को धमकाया। इसके बाद एक आरोपित ने किशोरी के दोस्त को पकड़ लिया और तीनों ने किशोरी के साथ दुष्कर्म किया।

पौने नौ बजे पुलिस को मिली सूचना

घटना के बाद रात करीब 8:45 बजे पुलिस को PCR कॉल मिली। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और किशोरी को मेडिकल जांच के लिए अस्पताल ले जाया गया। उसके बयान के आधार पर मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने POCSO एक्ट समेत संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की है।

CCTV फुटेज से आरोपितों की पहचान

घटना के बाद पुलिस ने आस्था कुंज पार्क और आसपास के इलाकों में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू की। पुलिस घटना के समय पार्क और आसपास मौजूद लोगों से भी जानकारी जुटा रही है।

आरोपितों की पहचान और उनकी गतिविधियों की कड़ियां जोड़ने के लिए फुटेज की जांच की गई। इसी कार्रवाई के दौरान एक आरोपित को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद पकड़ लिया।

दो अन्य आरोपितों की तलाश जारी

दिल्ली पुलिस के अनुसार, मामले में अन्य आरोपितों को पकड़ने के लिए प्रयास जारी हैं। पुलिस पकड़े गए आरोपित से पूछताछ कर रही है और घटना में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की जांच जारी है।

मंदिर क्षेत्र में सुरक्षा पर सवाल

कालकाजी मंदिर और लोटस टेंपल के आसपास श्रद्धालुओं के साथ देशी-विदेशी पर्यटकों की भी आवाजाही रहती है। ऐसे क्षेत्र के पास स्थित पार्क में किशोरी के साथ हुई घटना के बाद सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठे हैं। घटना के बाद पुलिस ने आरोपितों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए कई टीमें लगाई थीं।

Related Articles

Back to top button