उत्तरप्रदेश

फतेहपुर में सिलेंडर ब्लास्ट से जमींदोज हुआ 2 मंजिला मकान: 2 मासूमों समेत 4 की मौत

Kanpur News: उत्तर प्रदेश के कानपुर से सटे फतेहपुर जिले के मलवां कस्बे में सोमवार शाम को गैस सिलेंडर फटने से ढहे एक मकान के मलबे में दबकर 2 बच्चों समेत 4 लोगों की मौत हो गई जबकि 3 अन्य लोग घायल हो गए। पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस घटना पर दुख जताते हुए मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख और घायलों को 50-50 हजार रुपए की आर्थिक मदद का ऐलान किया। पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने एक न्यूज एजेंसी को बताया कि मलवां कस्बे में फल और सब्जी विक्रेता सुरेश गुप्ता के घर में शाम करीब 5 बजे गैस के सिलेंडर में जोरदार धमाका हुआ। उन्होंने बताया कि धमाका इतना भीषण था कि गुप्ता का 2 मंजिला मकान ढह गया और परिवार के सदस्य मलबे के नीचे दब गए।

मांगलिक ने बताया कि धमाके से आसपास के कई घरों में भी दरारें आ गईं। उन्होंने बताया कि 7 घायलों को मलबे से निकालकर अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उनमें से वेद गुप्ता (8), यश गुप्ता (7), अर्पित गुप्ता (15) और कुणा गुप्ता (18) की मौत हो गई। अधिकारी ने बताया कि इस घटना में 3 अन्य लोग भी जख्मी हुए हैं, जिनका उपचार किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि उनमें से एक की हालत नाजुक बताई जा रही है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने फतेहपुर में सोमवार को हुए हादसे का संज्ञान लिया। उन्होंने जनहानि पर शोक जताया और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिजनों व घायलों के लिए मुआवजे की घोषणा भी की। योगी आदित्यनाथ ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में इस घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताया। मुख्यमंत्री ने कहा कि फतेहपुर जिले में हुई यह दुर्भाग्यपूर्ण दुर्घटना दुःखद है। मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपए व घायलों को 50-50 हजार रुपए की आर्थिक मदद का भी ऐलान किया। उन्होंने अधिकारियों को तुरंत मौके पर पहुंचकर राहत कार्य में तेजी लाने एवं घायलों के परिजनों से संवाद कर हरसंभव सहायता उपलब्ध करवाने का भी निर्देश दिया।

Related Articles

Back to top button