‘हनुमान अंश’ पर बरस रही सीता-राम की कृपा, 55वें दिन भी बॉक्स ऑफिस पर हुई मेहरबानी, वर्ल्डवाइड कमाई 410 Cr पार

Hanuman Ansh Box Office Collection Day 55: नीम करोली बाबा के जीवन पर आधारित ‘हनुमान अंश’ में आस्था और आध्यात्म की झलक देखने को मिलती है. विशाल चतुर्वेदी के निर्देशन और शोभिनव सत्य के अभिनय से सजी इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर लंबा सफर तय किया है. 55वें दिन भी इसकी कमाई जारी रही और वर्ल्डवाइड कलेक्शन 410 करोड़ रुपये के पार पहुंच गया. अब फिल्म के दिनवार कलेक्शन और कमाई के आंकड़े चर्चा में हैं.
नई दिल्ली. बॉक्स ऑफिस पर ‘हनुमान अंश’ का जलवा देखने को मिल रहा है. फिल्म की कहानी सिर्फ मनोरंजन नहीं, बल्कि आस्था और आध्यात्म से भी जुड़ी है. रिलीज के करीब दो महीने बाद भी इस फिल्म पर मानो सीता-राम की कृपा बरकरार है. कभी धीमी शुरुआत तो कभी कमाई में अचानक उछाल, इसने अपने सफर में कई उतार-चढ़ाव देखे हैं. इसके बावजूद सिनेमाघरों में फिल्म का कारोबार लगातार जारी है. अब 55वें दिन भी इसने करोड़ों रुपये की कमाई करके सबका ध्यान खींचा है. इतना ही नहीं, दुनियाभर में इसका कारोबार 410 करोड़ रुपये के पार पहुंच चुका है. चलिए बताते हैं कि 55वें दिन फिल्म ने भारत और वर्ल्डवाइड कमाई क्या रही.
भारत में 7 अगस्त और विदेशी बाजारों में 11 सितंबर को रिलीज हुई इस फिल्म ने शुरुआत में भले ही बेहद धीमी शुरुआत की थी, लेकिन बाद में जन-जन की आस्था और पॉजिटिव माउथ-पब्लिसिटी के दम पर ऐतिहासिक कमाई कर दिखाई है.
विशाल चतुर्वेदी के निर्देशन में बनी ‘हनुमान अंश’ ने 55वें दिन भारत में 2.35 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया. इस दौरान फिल्म के 4,264 शोज चले. हालांकि, पिछले दिन के मुकाबले इसकी कमाई में 21.7 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई. 54वें दिन फिल्म ने 3 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया था.
सैकनिल्क के मुताबिक, 55वें दिन की कमाई के बाद फिल्म का भारत में कुल नेट कलेक्शन 314.63 करोड़ रुपये हो गया है. वहीं, भारत में इसका ग्रॉस कलेक्शन 371.65 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है. विदेशों में भी फिल्म लगातार कमाई कर रही है. 55वें दिन ओवरसीज मार्केट से फिल्म ने 10 लाख रुपये का कलेक्शन किया. इसके साथ ही विदेशों में इसका कुल ग्रॉस कलेक्शन 39.10 करोड़ रुपये हो गया है. अब फिल्म का वर्ल्डवाइड ग्रॉस कलेक्शन 410.75 करोड़ रुपये पहुंच चुका है
‘हनुमान अंश’ की बॉक्स ऑफिस यात्रा शुरुआत से ही उतार-चढ़ाव भरी रही है. शुरुआती हफ्तों में फिल्म की कमाई बेहद सीमित थी, लेकिन बाद में इसने अचानक रफ्तार पकड़ी. खासतौर पर चौथे, पांचवें और छठे हफ्ते में फिल्म की कमाई में बड़ा उछाल देखने को मिला. पांचवें हफ्ते में फिल्म ने 90.25 करोड़ रुपये और छठे हफ्ते में 80.25 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया
सातवें हफ्ते में फिल्म की कमाई 44.80 करोड़ रुपये रही. इसके बाद भी फिल्म की कमाई पूरी तरह थमी नहीं और 50वें दिन से लेकर 55वें दिन तक लगातार कलेक्शन दर्ज किया गया. लंबे समय तक सिनेमाघरों में टिके रहना फिल्म के बॉक्स ऑफिस प्रदर्शन का अहम हिस्सा रहा है
फिल्म के हालिया कलेक्शन पर नजर डालें तो 50वें दिन इसने 3.35 करोड़ रुपये कमाए थे. 51वें दिन कमाई बढ़कर 6.50 करोड़ रुपये और 52वें दिन 9 करोड़ रुपये हो गई. हालांकि, इसके बाद कलेक्शन में गिरावट आई. 53वें दिन फिल्म ने 2.35 करोड़ रुपये, 54वें दिन 3.10 करोड़ रुपये और 55वें दिन फिर 2.35 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया.
‘हनुमान अंश’ भक्ति और गहरी श्रद्धा से भरी फिल्म है. इसने साबित कर दिया कि अगर नीयत साफ हो और ईश्वर की कृपा साथ हो तो बिना बड़े सितारों के भी इतिहास रचा जा सकता है. 55 दिनों के बाद भी थिएटर्स में दर्शकों की भीड़ उमड़ रही है. मेकर्स को तो उम्मीद है कि यह शानदार सफर आगे भी जारी रहेगा




