उत्तरप्रदेश

लखनऊ में एक और डॉक्टर रहस्यमय तरीके से लापता, पत्नी ने जताई अपहरण की आशंका, मड़ियांव थाने में केस दर्ज

 लखनऊ: बीते दिनों लखनऊ में KGMU यानी मेडिकल कॉलेज के डॉक्टर के अपहरण व हत्या से जुदा मामले सामने आया था। इस प्रकरण में आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद एक बार फिर लखनऊ के थाना मड़ियांव क्षेत्र के केशव नगर इलाके से एक डॉक्टर के संदिग्ध परिस्थितियों में लापता होने और उनके अपहरण की आशंका का मामला सामने आया है। लापता डॉक्टर की पत्नी की की ओर से मड़ियांव थाने में दी गई तहरीर के आधार पर पुलिस ने अपहरण की धारा में मुकदमा दर्ज कर लापता डॉक्टर की तलाश तेज कर दी है।

पीड़िता के अनुसार, उनके पति डॉ. सत्यरत्न यादव बीते 5 अक्टूबर की सुबह करीब साढ़े 9 बजे अपनी मारुति सियाज कार से बिना कुछ बताए घर से निकले थे, जिसके बाद से वे रहस्यमयी तरीके से लापता हैं और उनका कोई सुराग नहीं मिल पा रहा है। पत्नी ने पुलिस को बताया कि डॉक्टर पिछले कुछ दिनों से किसी बात को लेकर मानसिक रूप से परेशान भी चल रहे थे।

घर पहुंचकर युवक ने दी सूचना
लापता डॉक्टर की पत्नी की ओर से मड़ियांव थाने में दी गई तहरीर के मुताबिक, बीते 5 अक्टूबर की दोपहर करीब ढ़ाई बजे बजे कमता के रहने वाले प्रखर पांडेय नाम का युवक अचानक डॉक्टर के घर पहुंचा। उसने परिजनों को बताया कि उसके पास डॉ. सत्यरत्न यादव का फोन आया था। फोन पर डॉक्टर ने घबराई हुई आवाज में कहा था कि वे इस वक्त हजरतगंज इलाके में मौजूद हैं और दो संदिग्ध स्कॉर्पियो गाड़ियां लगातार उनकी कार का पीछा कर रही हैं। यह जानकारी देने के बाद प्रखर वहां से चला गया। घबराई हुई पत्नी ने जब तुरंत अपने पति के मोबाइल नंबर पर संपर्क करने की कोशिश की तो उनका फोन लगातार स्विच ऑफ बताता रहा, जिससे अनहोनी की आशंका और गहरा गई।

मामला जानिए
पीड़िता के अनुसार, शाम करीब 6 बजे मामले में उस वक्त खौफनाक मोड़ आ गया, जब पीड़िता के मोबाइल पर एक अज्ञात नंबर से एक ऑडियो रिकॉर्डिंग भेजी गई, जिसमें पीड़िता के पति की आवाज जैसी आवाज सुनाई दे रही थी। इसके तुरंत बाद एक अज्ञात व्यक्ति ने फोन कर कहा कि वह प्रीती नगर थाने से बोल रहा है और आपके पति किडनैप हो गए हैं। इतना कहकर कॉल करने वाले ने फोन काट दिया और दोबारा कॉल करने पर फोन नहीं उठाया गया। पत्नी ने यह भी आरोप लगाया कि प्रखर पांडेय और उसके साथ ब्रेजा गाड़ी में सवार करीब तीन अज्ञात संदिग्ध लोग उनके घर के आसपास लगातार चक्कर काटते देखे गए हैं।

प्रखर पांडेय समेत 3 संदिग्धों के खिलाफ केस दर्ज
मड़ियांव पुलिस ने तहरीर में बताए गए तथ्यों, मोबाइल नंबरों और प्रखर पांडेय सहित अन्य अज्ञात आरोपियों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर लिया है। इस मामले के सामने आने के बाद लखनऊ पुलिस की क्राइम ब्रांच और सर्विलांस टीम एक्टिव हो गई है। डॉक्टर के मोबाइल की आखिरी लोकेशन, रास्ते के CCTV कैमरों के फुटेज और संदिग्ध कॉल करने वाले नंबरों को सर्विलांस पर लगाकर कॉल डिटेल रिकॉर्ड खंगाली जा रही है ताकि लापता डॉक्टर की सकुशल बरामदगी की जा सके।

Related Articles

Back to top button