मध्यप्रदेशराष्ट्रीय

मध्य प्रदेश: ग्वालियर में शीतला माता मंदिर के पास ट्रक ने श्रद्धालुओं को रौंदा; 12 की मौत; 39 घायल 

ग्वालियर। मध्य प्रदेश के ग्वालियर में शीतला माता मंदिर के पास शनिवार देर रात एक अनियंत्रित ट्रक की चपेट में आने से कम से कम 12 लोगों की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए। हादसा लगभग 1:30 बजे छिनोर की तरफ से आने वाली सड़क पर हुआ।

ग्वालियर के एसएसपी धर्मवीर सिंह ने बताया कि नवरात्रि के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर जा रहे थे। छिनोर की ओर वाली सड़क पर खड़ी ढलान है, जहां भारी वाहनों का आना प्रतिबंधित है।

उन्होंने कहा कि धान से लदा एक ट्रक पुलिस बैरिकेड्स तोड़कर अचानक बेकाबू हो गया। ट्रक नीचे की ओर आया और मंदिर की बाहरी दीवार व गेट से जा टकराया। सड़क पर मौजूद श्रद्धालु इसकी चपेट में आ गए। मौके पर तैनात दो पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं।

चश्मदीद ने क्या बताया?
एक चश्मदीद ने बताया कि घटना रात करीब एक बजे हुई। मैंने कुछ लोगों को मौके पर ही दम तोड़ते देखा। ट्रक में जरूरत से ज्यादा सामान भरा हुआ था। ट्रक अचानक आया। उसने कई दुकानों और लोगों को कुचल दिया। चश्मदीद का भाई भी इस हादसे में घायल हुआ है। उसने बताया कि घटनास्थल पर अब भी अफरा-तफरी का माहौल है।

ग्वालियर के एसएसपी ने क्या बताया?
ग्वालियर के एसएसपी धर्मवीर सिंह ने कहा, यह एक दुखद हादसा है। बड़ी संख्या में श्रद्धालु शीतला माता मंदिर जा रहे थे। छिनोर की तरफ से आने वाली सड़क पर ढलान काफी तेज है। इस रास्ते पर भारी वाहनों की आवाजाही पर रोक है।

उन्होंने बताया कि रात करीब डेढ़ बजे धान से भरा एक ट्रक वहां रोका गया था। ट्रक पुलिस की ओर से लगाए गए बैरिकेड तोड़कर आगे निकल गया। इसके बाद चालक ने ट्रक पर से नियंत्रण खो दिया। ट्रक अचानक ढलान से नीचे आया। फिर मंदिर की बाहरी दीवार और गेट से टकरा गया।

सड़क पर मौजूद श्रद्धालु ट्रक के नीचे कुचल गए। इसी वजह से यह हादसा हुआ। मौके पर ड्यूटी कर रहे दो पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं। उनका इलाज चल रहा है।

एसएसपी ने बताया कि अब तक मिली जानकारी के अनुसार, कुल 39 लोगों को अस्पताल ले जाया गया है। इनमें से 12 लोगों की मौत हो चुकी है। 5 से 6 मरीजों की हालत गंभीर है। उन्हें फ्रैक्चर भी हुए हैं। बाकी लोगों को मामूली चोटें आई हैं। उनका भी इलाज चल रहा है।

कलेक्टर ने क्या जानकारी दी?
कलेक्टर रुचिका चौहान ने बताया कि नवरात्रि के दौरान उस सड़क पर एक स्टॉपर और पुलिस चेक-पॉइंट लगाया गया था। ऐसे में ट्रक वहां तक कैसे पहुंच गया, इसकी जांच की जा रही है।

ट्रक की तकनीकी जांच के लिए क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय (आरटीओ) की टीम भी भेजी गई है। टीम ट्रक की मशीनों और तकनीकी स्थिति की जांच करेगी। इससे पता लगाया जाएगा कि ट्रक में क्या खराबी आई थी। यह भी जांच होगी कि ट्रक लगातार बाईं तरफ क्यों मुड़ता चला गया।

कलेक्टर ने बताया कि अस्पताल में भर्ती घायलों के इलाज पर लगातार नजर रखी जा रही है। डॉक्टरों की टीम लगातार सीटी स्कैन और एक्स-रे कर रही है। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि घायलों को उनकी चोटों के हिसाब से सही इलाज मिल सके।

Related Articles

Back to top button