मध्यप्रदेश

स्वच्छता सर्वेक्षण में सागर का जलवा, देशभर में हासिल किया तीसरा स्थान

स्वच्छता के क्षेत्र में मध्य प्रदेश के सागर शहर ने राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए पूरे देश में अपना परचम लहराया है. स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में सागर नगर निगम को देशभर में तीसरा स्थान प्राप्त हुआ है. 50 हजार से 3 लाख तक की आबादी वाले शहरों की श्रेणी में सागर जिले को ये उपलब्धि मिली है. 11 नवंबर को नई दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित राष्ट्रीय समारोह में राष्ट्रपति  द्रौपदी मुर्मू ने सागर को तृतीय पुरस्कार से सम्मानित किया. 

नगर निगम आयुक्त एवं सागर स्मार्ट सिटी के कार्यकारी निदेशक राजकुमार खत्री ने राष्ट्रपति से यह पुरस्कार ग्रहण किया. खास बात यह है कि सागर ने पिछले वर्ष की दसवीं रैंकिंग से आगे बढ़ते हुए देश में तीसरा स्थान हासिल किया है. 

दसवीं रैंकिंग से तीसरे स्थान पर पहुंचा सागर

स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत आयोजित स्वच्छ सर्वेक्षण के दसवें संस्करण में सागर की इस उपलब्धि के पीछे बेहतर सफाई व्यवस्था, घर-घर कचरा संग्रहण, कचरे का प्रभावी निष्पादन, नागरिकों की भागीदारी और स्वच्छता के क्षेत्र में किए गए नवाचार प्रमुख रहे. बुंदेली लोक संस्कृति के माध्यम से लोगों को स्वच्छता अभियान से जोड़ने और शहर के सौंदर्यीकरण के प्रयासों ने भी सागर की उपलब्धि में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई. 

नगर निगम में आतिशबाजी और ढोल-नगाड़ों के साथ मना जश्न

नई दिल्ली में आयोजित समारोह का नगर निगम के नवीन कार्यालय में बड़ी एलईडी स्क्रीन पर लाइव प्रसारण किया गया. जैसे ही राष्ट्रीय मंच से सागर का नाम तीसरे पुरस्कार के लिए घोषित हुआ, निगम परिसर तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा. 

विधायक शैलेन्द्र कुमार जैन, निगमाध्यक्ष वृंदावन अहिरवार, एमआईसी सदस्य, पार्षद, निगम अधिकारी-कर्मचारी और नागरिकों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी जाहिर की. इस अवसर पर भव्य आतिशबाजी की गई और ढोल-नगाड़ों की धुन पर नृत्य कर इस ऐतिहासिक उपलब्धि का जश्न मनाया गया. 

विधायक बोले- प्रत्येक सागरवासी के सामूहिक प्रयासों का परिणाम

विधायक शैलेन्द्र कुमार जैन ने कहा कि यह राष्ट्रीय सम्मान किसी एक व्यक्ति या विभाग की उपलब्धि नहीं, बल्कि शहर के प्रत्येक नागरिक, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक एवं व्यावसायिक संगठनों, निगम के अधिकारियों-कर्मचारियों और स्वच्छता मित्रों के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है. 

उन्होंने कहा कि नागरिकों की जागरूकता और सफाई मित्रों की मेहनत ने सागर को देश में गौरवपूर्ण स्थान दिलाया है. उन्होंने सभी शहरवासियों का आभार जताते हुए स्वच्छता अभियान में निरंतर सहयोग बनाए रखने की अपील की. 

सफाई मित्रों और जागरूक नागरिकों को समर्पित पुरस्कार

महापौर संगीता सुशील तिवारी ने इस उपलब्धि को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि पिछले वर्ष की दसवीं रैंकिंग से आगे बढ़कर तीसरा स्थान हासिल करना सागर के लिए गौरव की बात है.उन्होंने यह पुरस्कार नगर निगम के सफाई मित्रों और जागरूक नागरिकों को समर्पित करते हुए कहा कि उनकी मेहनत, समर्पण और सक्रिय सहभागिता से ही सागर को यह सम्मान मिला है. उन्होंने विश्वास जताया कि सभी के सामूहिक प्रयासों से सागर भविष्य में देश में प्रथम स्थान हासिल करेगा. 

इस अवसर पर विधायक शैलेन्द्र कुमार जैन, निगमाध्यक्ष वृंदावन अहिरवार, एमआईसी सदस्य अनूप उर्मिल, रुपेश यादव, मेघा दुबे, धर्मेंद्र खटीक, पार्षद एवं वरिष्ठ बीजेपी नेता शैलेष केसरवानी, पार्षद देवेन्द्र अहिरवार, विशाल खटीक, नरेश धानक, नीरज कोरी, पूर्व पार्षद नीरज जैन, एल्डरमैन आशालता सिलाकारी सहित नगर निगम के अधिकारी-कर्मचारी एवं नागरिक उपस्थित रहे. 

Related Articles

Back to top button