खेल
विवान कपूर ने विश्व चैंपियनशिप में रचा इतिहास, रजत पदक के साथ हासिल की बड़ी उपलब्धि

दोहा
भारत के विवान कपूर ने गुरुवार को दोहा में चल रही आईएसएसएफ शूटिंग वल्र्ड चैंपियनशिप के मेंस ट्रैप इवेंट में सिल्वर मेडल जीता। इस प्रदर्शन के साथ भारत ने लॉस एंजलस ओलंपिक 2028 के लिए कोटा भी हासिल कर लिया। 24 साल के विवान गोल्ड जीतने के बेहद करीब थे, लेकिन कुवैत के अब्दुलरहमान अलफैहान के साथ बराबरी होने के बाद मुकाबला शूटऑफ तक पहुंचा।
यहां एक निशाना चूकने से उन्हें दूसरे स्थान से संतोष करना पड़ा। विवान इस इवेंट में वल्र्ड चैंपियनशिप मेडल जीतने वाले चौथे भारतीय पुरुष ट्रैप शूटर बन गए हैं। उनसे पहले करणी सिंह, मानवजीत सिंह संधू और जोरावर सिंह संधू यह उपलब्धि हासिल कर चुके हैं। चीन के क्यू यिंग ने ब्रॉन्ज मेडल जीता। भारत के उदैवीर सिंह जैजी भी फाइनल में पहुंचे थे। वे 11 अंक के साथ छठे स्थान पर रहे।




