थाली पर महंगाई का डाका…सरकार बताए अच्छे दिन हैं कहां?

नई दिल्ली, महंगाई ने अब आम आदमी की थाली पर भी डाका डालना शुरू कर दिया है। घर में रसोई का बजट बिगाड़ने के बाद अब बाहर खाना भी महंगा हो गया है। रेस्टोरेंट ने मेन्यू के दाम ५ से १० फीसदी तक बढ़ा दिए हैं। यानी मोदी सरकार के राज में न घर की थाली सस्ती रही, न बाहर का खाना। महंगाई पर लगाम लगाने और अच्छे दिनों के सपने दिखाने वाली सरकार आखिर किस दुनिया में जी रही है? आम आदमी की कमाई घट रही है, खर्च बढ़ रहा है और सरकार सिर्फ आंकड़ों की बाजीगरी में मस्त है। सवाल है कि आखिर जनता को महंगाई की इस मार से कब मिलेगी राहत।
घर की रसोई में पहले से ही महंगे राशन का बोझ झेल रहे लोगों के लिए अब बाहर खाना भी महंगा होने लगा है। कॉफी पीना हो, डोसा खाना हो या रोजाना की साधारण थाली मंगानी हो, हर चीज के लिए अब ज्यादा पैसे खर्च करने पड़ेंगे। दूध, घी, मक्खन, पनीर, दाल, चावल, तेल और सब्जियों की बढ़ती कीमतों ने होटल और रेस्टोरेंट संचालकों का बजट बिगाड़ दिया है। नतीजतन, कई रेस्टोरेंट ने अपने मेन्यू के दाम ५ से १० फीसदी तक बढ़ा दिए हैं। यानी महंगाई अब सिर्फ घर की रसोई तक सीमित नहीं रही, बल्कि बाहर की थाली भी आम आदमी की पहुंच से दूर करने लगी है।
एक रिपोर्ट के मुताबिक, पिछले ६ से ८ महीनों में खाद्य सामग्री और दूसरी जरूरी चीजों की लागत करीब १५ से २० फीसदी तक बढ़ गई है। गैस और र्इंधन की महंगाई ने भी रेस्टोरेंट कारोबार की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। दूध, पनीर, चीज और मक्खन जैसे उत्पाद महंगे होने से खाने की हर प्लेट की लागत बढ़ रही है। ऐसे में कारोबारियों ने बढ़े हुए खर्च का बोझ ग्राहकों की जेब पर डालना शुरू कर दिया है।
डोसे पर भी महंगाई का तड़का
दक्षिण भारतीय व्यंजन भी महंगाई की चपेट में हैं। डोसा बनाने में इस्तेमाल होने वाले घी और मक्खन की कीमतों में पिछले ढाई महीने के दौरान करीब १५० रुपए प्रति किलो तक की बढ़ोतरी बताई जा रही है। इससे डोसा, इडली और चावल से बनने वाले दूसरे व्यंजनों की लागत बढ़ गई है।
अब सस्ते नाश्ते के तौर पर पहचाने जाने वाले इन व्यंजनों के लिए भी ग्राहकों को ज्यादा जेब ढीली करनी पड़ सकती है।
दूध महंगा, मिठाई से पनीर तक बढ़ेगी कीमत
१२ नवंबर से अमूल ने ताजा पैकेट वाले दूध की कीमत २ से ४ रुपए प्रति लीटर तक बढ़ा दी है। मदर डेयरी ने भी दिल्ली-एनसीआर में दूध के दाम २ से ४ रुपए प्रति लीटर बढ़ाए हैं। इससे पहले कर्नाटक मिल्क फेडरेशन ने नंदिनी दूध ८ रुपए प्रति लीटर और दही १४ रुपए प्रति किलो महंगा किया था। दूध की कीमत बढ़ने का असर पनीर, चीज, मिठाई और दूध से बनने वाले तमाम उत्पादों पर पड़ना तय है।
सौ की थाली अब ११० रुपए में!
दाल, चावल, चीनी, खाद्य तेल और सब्जियों की बढ़ती कीमतों ने भी रेस्टोरेंट का खर्च बढ़ा दिया है। इन सामग्रियों के कारण कुल लागत में ५ से ७ फीसदी तक की वृद्धि हुई है। पहले जिस थाली के लिए १०० रुपए खर्च करने पड़ते थे, अब उसी के लिए १०५ से ११० रुपए तक देने पड़ सकते हैं। सवाल यह है कि जब घर का बजट महंगाई से पहले ही चरमराया हुआ है, तब आम आदमी बाहर खाने का खर्च आखिर वैâसे उठाएगा। महंगाई की मार अब पेट और जेब, दोनों पर पड़ रही है।
अमूल, मदर डेयरी के बाद खुदरा विक्रेताओं ने भी बढ़ाए दूध के दाम
महंगाई की मार झेल रहे आम आदमी की मुश्किलें और बढ़ गई हैं। अमूल और मदर डेयरी ने दूध के दाम में २ से ४ रुपए प्रति लीटर तक की बढ़ोतरी की है। अमूल ताजा २ रुपए और अमूल गोल्ड ४ रुपए महंगा हुआ है। अब खुदरा विक्रेताओं ने भी कीमतें बढ़ा दी हैं। दूध जैसी रोजमर्रा की जरूरत पर बढ़ते खर्च ने परिवारों का बजट बिगाड़ दिया है।




