अंतर्राष्ट्रीय

बलूचिस्तान में पाकिस्तानी मिलिट्री कैंप पर हमला, BLA ने घुसा दिया विस्फोटकों से भरा ट्रक, 18 सैनिकों की मौत

इस्लामाबाद: पाकिस्तान के बलूचिस्तान स्थित मस्तुंग जिले में एक मिलिट्री कैंप पर आत्मघाती हमला हुआ है। बलूचिस्तान के सशस्त्र अलगाववादी संगठन बलूचिस्तान लिबरेशन आर्मी (BLA) ने इस हमले की जिम्मेदारी ली है। BLA ने हमले में 18 पाकिस्तानी सैनिकों के मारे जाने का दावा किया है। हमला मस्तुंग जिले के कनक इलाके में हुआ, जहां एक आत्मघाती हमलावर ने विस्फोटकों से भरे वाहन से मिलिट्री कैंप में टक्कर मार दी। विस्फोट के बाद बंदूकों से लैस बीएलए के दूसरे लड़ाकों ने कैंप पर हमला बोल दिया।

हमले का जारी किया वीडियो

बलूचिस्तान लिबरेशन आर्मी ने हमले का एक वीडियो जारी किया है जिसमें एक गाड़ी मिलिट्री कैंप की तरफ बढ़ती है और फिर उसमें जोरदार धमाका होता है। धमाका इतना तेज था कि कैंप की इमारत पूरी तरह तबाह हो गई। इसकी आवाज कई किलोमीटर दूर तक सुनी गई। वीडियो में दूसरे हमलावर भी दिख रहे हैं, जो हमले के दौरान पास की चौकियों पर गोलीबारी कर रहे हैं।

मजीद ब्रिगेड और फतेह स्क्वाड ने दिया अंजाम

BLA ने बताया कि आत्मघाती हमले को उसकी फिदायीन शाखा मजीद ब्रिगेड ने अंजाम दिया जबकि फतेह स्क्वाड के सदस्यों ने उसके बाद हमले में भूमिका निभाई। समूह ने आत्मघाती हमलावर की पहचान ओसामा शाहवानी उर्फ वद्दू के तौर पर बताई है। BLA ने दावा किया है कि हमले में 18 से ज्यादा पाकिस्तानी सैनिक मारे गए हैं जबकि कई घायल हुए हैं।

बलूचिस्तान पुलिस ने हमले को बताया नाकाम

वहीं, बलूचिस्तान पुलिस ने दावा किया है कि मिलिट्री कैंप पर हमले को नाकाम कर दिया गया है। इसने कहा कि जवाबी कार्रवाई में BLA के तीन लड़ाके मारे गए हैं। पुलिस ने एक बयान में बताया कि आतंकवादियों ने विस्फोटकों से लदे एक वाहन को सुरक्षा चौकी से टकराने की कोशिश की, लेकिन फ्रंटियर्स कॉर्प्स के जवानों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए इसे नाकाम कर दिया।

पुलिस के अनुसार, जोरदार धमाके से आसपास के रिहायशी मकानों और मस्जिद को नुकसान पहुंचा है। घटना में दो स्थानीय नागरिकों की मौत हो गई, जबकि 16 अन्य लोग घायल हो गए। इसने यह भी कहा कि पाकिस्तानी बलों की जवाबी कार्रवाई में तीन चरमपंथी मारे गए। हालांकि, पुलिस ने पाकिस्तानी सैनिकों के मारे जाने के बारे में कोई जानकारी नहीं दी।

दो दिन के अंदर दूसरा बड़ा हमला

मस्तुंग जिले में हुआ हमला पाकिस्तान के अंदर दो दिनों के अंदर दूसरा बड़ा हमला है। इसके पहले मंगलवार को खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में पुलिस टीम पर बड़ा हमला हुआ था, जिसमें डीसीपी समेत 11 पुलिसकर्मी मारे गए थे। यह हमला उस समय किया गया था जब केपी पुलिस के जवान सोने के अवैध खनन के खिलाफ कार्रवाई करने जा रहे थे। तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (TTP) ने इस हमले की जिम्मेदारी ली थी। केपी पुलिस ने जवाबी कार्रवाई में TTP के 18 चरमपंथियों को मारने का दावा किया था।

Related Articles

Back to top button