उत्तरप्रदेश

पाकिस्तानी हैंडलर से हथियारों की डील करने वाले 4 तस्कर गिरफ्तार, बरेली पुलिस की बड़ी कार्रवाई

बरेली: उत्तर प्रदेश की बरेली पुलिस ने अवैध हथियारों की सप्लाई करने वाले चार तस्करों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए तस्करों ने पाकिस्तान के इंस्टाग्राम हैंडलरों से संपर्क करके हथियारों की बिक्री की डील की थी। पुलिस को इसके सबूत भी मिले हैं। अब पुलिस इस मामले की गहराई से जांच कर रही है।

बरेली पुलिस के अनुसार, बरेली से बहेड़ी रोड किनारे खंडहर में अवैध हथियार बनाने की फैक्ट्री चल रही थी। इसकी गोपनीय सूचना पुलिस को मिली। पुलिस ने छापा मार करके चार तस्करों को गिरफ्तार किया। फैक्ट्री से रायफल, पिस्टल और तमंचे बन रहे थे।

गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान सुखराज सिंह निवासी ग्राम सिकपुरा भोजपुर जोगीठेर बहेड़ी, शानू मियां निवासी ग्राम पचपेड़ा बहेड़ी, जीवनदीप सिंह निवासी ग्राम स्वालेनगर बिलासपुर रामपुर और जसनूर सिंह निवासी ग्राम मैनाकोट माधौटांडा पीलीभीत के रूप में हुई है।

पुलिस ने मौके से एक तमंचा, 9 एमएम का एक पिस्टल, एक राइफल, दो अधबनी नाल, चार मोबाइल और अन्य अधबने हथियार बरामद किए हैं। वहीं, मौके से दो तस्कर अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। पूछताछ में तस्करों ने बताया कि इंस्टाग्राम के जरिए पाकिस्तानी हैंडलर अजमल गुर्जर से जुड़ा। उससे इंस्टाग्राम और वॉट्सऐप के माध्यम से हथियारों की सप्लाई के संबंध में बात हुई।

पूछताछ में इशरत पहलवान का नाम भी सामने आया है, जो पूर्व में हथियार तस्करी के मामले में जेल जा चुका है। आरोपियों ने उससे असलहा लेने की बात बताई है। फरार दोनों आरोपी भी उससे जुड़े बताए जा रहे हैं।

Related Articles

Back to top button