मानवता, समानता और सत्य के रहबर श्री गुरु नानक देव जी

श्री गुरु नानक देव जी का प्रकाश पर्व मानवता, सत्य, प्रेम, समानता, सेवा और आपसी भाईचारे के उस महान दर्शन का पावन स्मरण है, जिसने सदियों पहले समाज को नई दिशा दी और आज भी समूचे विश्व को मानवीय मूल्यों का मार्ग दिखा रहा है। गुरु नानक देव जी ने उस दौर में संसार में अवतार धारण किया, जब समाज जाति-पाति, धार्मिक कट्टरता, अंधविश्वास, सामाजिक असमानता, कर्मकांड और मानवीय शोषण जैसी कुरीतियों में जकड़ा हुआ था। उन्होंने अपनी इलाही बाणी, विचारधारा और जीवन-पद्धति से मनुष्य को मनुष्य से जोड़ा और समाज को सत्य एवं न्याय के मार्ग पर आगे बढ़ाया। श्री गुरु नानक देव जी का जन्म 1469 ईस्वी में राय भोई दी तलवंडी, वर्तमान ननकाना साहिब (पाकिस्तान) में पिता मेहता कल्याण दास (मेहता कालू जी) और माता तृप्ता जी के घर हुआ। बाल्यकाल से ही उनमें आध्यात्मिक चिंतन, मानवता के प्रति अगाध प्रेम और सामाजिक कुरीतियों पर प्रश्न उठाने की विलक्षण क्षमता थी।
गुरु नानक देव जी ने अपना संपूर्ण जीवन मानवता को सत्य, नेकी और परमात्मा से जोडऩे के लिए समॢपत किया। उनकी विचारधारा के तीन बुनियादी सिद्धांत हैं-‘किरत करो, नाम जपो और वंड छको’। ये सिद्धांत मनुष्य को ईमानदारी से परिश्रम करने, परमात्मा के सिमरन में जीवन व्यतीत करने और अपनी नेक कमाई जरूरतमंदों के साथ सांझी करने की प्रेरणा देते हैं। गुरु साहिब ने दो-टूक सिखाया कि धर्म बाह्य दिखावे या कोरे कर्मकांड तक सीमित नहीं, निष्कपट श्रम, विनम्रता, दया और मानवता की नि:स्वार्थ सेवा ही सच्चा धर्म है।
उनका दर्शन ‘इक ओंकार’ के मूल सिद्धांत पर आधारित है-संपूर्ण सृष्टि का सृजनहार एक है और समस्त मानवता उसी एक परमात्मा की संतान है। इसीलिए गुरु साहिब ने धर्म, जाति, वर्ण, नस्ल और भाषा के नाम पर इंसानों में दीवारें खड़ी करने और भेदभाव का पुरजोर विरोध किया। गुरु नानक देव जी ने अपनी चार ‘उदासियों’ (देशाटन) के दौरान भारत सहित सुदूर देशों और प्रमुख धार्मिक केंद्रों की यात्राएं कीं। इस दौरान उन्होंने विभिन्न धर्मों, संप्रदायों और मतों के विचारकों से सीधा संवाद रचाया और उन्हें सच्चे आचरण, मानवीय समानता और परमात्मा की सर्वव्यापकता का संदेश दिया। उन्होंने किसी धर्म या मत से द्वेष नहीं किया, बल्कि सभी को अपने धर्म के मूल मानवीय सिद्धांतों पर ईमानदारी से चलने की राह दिखाई।
गुरु नानक देव जी की बाणी का एक अत्यंत महत्वपूर्ण पक्ष जुल्म, अन्याय और राजनीतिक दमन के विरुद्ध उनकी निर्भीक आवाज है। जब बाबर ने भारत पर आक्रमण किए और ऐमनाबाद सहित कई क्षेत्रों में भीषण तबाही, नरसंहार और लूटपाट हुई, तब गुरु साहिब ने सत्ता के अत्याचार के खिलाफ बेबाकी से आवाज बुलंद की। उनकी बाणी में दर्ज ‘बाबरवाणी’ उस दौर के राजनीतिक अत्याचारों और आम जनता की पीड़ा का ऐतिहासिक व साहित्यिक दस्तावेज है। गुरु साहिब ने बाबर के हमले के समय मानवता पर टूटे कहर को बयां करते हुए फरमाया-‘पाप की जंञ लै काबलहु धाइआ जोरी मंगै दानु वे लालो॥’ उन्होंने बाबर के आक्रमण को ‘पाप की बारात’ कहकर जालिम हुकूमत के क्रूर चेहरे को बेनकाब किया। उन्होंने तत्कालीन शासकों की कायरता और लाचारी पर भी तीखे सवाल दागे। उनकी बाणी साक्षी है कि सच्चा धर्म जुल्म सहने या खामोश रहने में नहीं, बल्कि सत्य और न्याय के पक्ष में सीना तानकर खड़े होने में है। मानवता की करुण पुकार को गुरु साहिब ने इन शब्दों में दर्ज किया-‘एती मार पई करलाणे तै की दरदु न आइआ॥’
नारी-सम्मान और समानता के प्रति गुरु नानक देव जी की दृष्टि युगांतरकारी थी। उस युग में जब समाज स्त्री को दोयम दर्जे का समझता था, गुरु साहिब ने इस रूढि़वादी सोच को ललकारते हुए नारी की महत्ता को स्वीकार कर फरमाया-‘सो किउ मंदा आखीऐ जितु जमहि राजान॥’ गुरु साहिब ने महिला को पूर्ण सामाजिक बराबरी, सम्मान और अधिकारों का हकदार माना। गुरु नानक देव जी ने जाति-पाति और छुआछूत के भेदभाव को भी मानवता के विरुद्ध गंभीर अपराध करार दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि मनुष्य की महानता उसकी जाति, कुल या सामाजिक पद-प्रतिष्ठा से नहीं, बल्कि उसके सत्कर्मों और चरित्र से तय होती है। उनकी बाणी का पावन कथन है-‘नीचा अंदरि नीच जाति नीची हू अति नीचु॥ नानकु तिन कै संगि साथि वडिआ सिउ किआ रीस॥’ गुरु साहिब ने समाज के वंचित और पिछड़े वर्गों के साथ खड़े होने तथा उन्हें यथोचित सम्मान देने का मार्ग दिखाया। भाई लालो जी जैसे श्रमसाधक के घर भोजन ग्रहण करना और मलिक भागो के आडंबर व अन्याय की कमाई वाले पकवानों को ठुकरा देना इस बात का जीवंत प्रमाण है कि गुरु साहिब की दृष्टि में निष्कपट श्रम और सत्यनिष्ठा ही सबसे बड़ी पूंजी थी।
आज जब दुनिया धार्मिक कट्टरता, युद्ध, नफरत, आॢथक विषमता, स्त्री-विरोधी सोच और गंभीर पर्यावरणीय संकटों के भंवर में फंसी है, तब गुरु नानक देव जी की बाणी और दर्शन समूची मानवता को सही राह दिखाते हैं। उनकी सीख किसी एक पंथ या भूगोल तक सीमित नहीं, बल्कि चराचर जगत के कल्याण के लिए है। श्री गुरु नानक देव जी की पावन शिक्षाओं और विरासत को संजोने के संकल्प के साथ केंद्र की भाजपा सरकार ने कई ऐतिहासिक कदम उठाए हैं और यह सिलसिला निरंतर जारी है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में सिख कौम की भावनाओं का सम्मान करते हुए दशकों से बिछुड़े पावन गुरुधाम श्री करतारपुर साहिब का पवित्र गलियारा (कॉरिडोर) खोला गया, जिसके फलस्वरूप देश-विदेश की करोड़ों नानक नामलेवा संगतों को गुरु साहिब की पावन चरण-छोह प्राप्त धरती के खुले दर्शन-दीदार करने का सौभाग्य प्राप्त हुआ।
इसके साथ ही सत्गुरु जी का 550वां प्रकाश पर्व वैश्विक स्तर पर मनाना, श्री दरबार साहिब के लंगर को जी.एस.टी.-मुक्त करना, अफगानिस्तान के संकटग्रस्त हालात से श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी के पावन स्वरूपों को पूरे सत्कार के साथ भारत लाना, छोटे साहिबजादों की शहादत की याद में ‘वीर बाल दिवस’ की राष्ट्रव्यापी घोषणा, श्री हेमकुंड साहिब रोपवे परियोजना, 312 सिख नागरिकों को काली सूची से बाहर निकालना और श्री हरिमंदिर साहिब को एफ.सी.आर.ए. पंजीकरण दिलाना, ये सभी कदम सिख परंपरा, आस्था और विरासत के प्रति भाजपा सरकार की अटूट निष्ठा को दर्शाते हैं। आज प्रकाश पर्व के इस पावन अवसर पर पंजाब भाजपा का समूचा नेतृत्व गुरु चरणों में नतमस्तक होकर श्रद्धासुमन अॢपत करता है और सत्गुरु जी के अमर संदेश ‘किरत करो, नाम जपो और वंड छको’ को अपने जीवन व आचरण में उतारने का दृढ़ संकल्प दोहराता है।– केवल सिंह ढिल्लों




