Women’s World Cup 2025 : आज भारत केे सामने इंग्लैंड

एजेंसियां— इंदौर
लगातार दो मैच हारने के बाद अपने अभियान को ढर्रे पर लाने का दबाव झेल रही भारतीय टीम को इंग्लैंड के खिलाफ रविवार को महिला वनडे वल्र्ड कप 2025 के अहम मुकाबले में अपने गेंदबाजी आक्रमण को संतुलित करने के लिए छठे गेंदबाज को उतारने पर विचार करना होगा। विशाखापट्टनम में दक्षिण अफ्रीका और ऑस्ट्रेलिया से हारने के बाद भारत की सेमीफाइनल में प्रवेश की उम्मीदों को करारा झटका लगा है। इस विश्व कप सत्र में भारत ने पांच बल्लेबाजों, एक विकेटकीपर और पांच गेंदबाजों को उतारने की रणनीति अपनाई है और गेंदबाजों में से तीन हरफनमौला हैं। लेकिन विश्व कप में यह संयोजन सटीक नहीं बैठा और अब ‘करो या मरो’ के बाकी मुकाबलों में भारत को इस पर पुनर्विचार करना होगा।
सेमीफाइनल की दौड़ में बने रहने के लिए भारत को तीन में से दो मैच हर हालत में जीतने होंगे। दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पांच गेंदबाजों की रणनीति असफल होने के बावजूद ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ इसमें बदलाव नहीं किया गया, जिससे एक और पराजय हाथ लगी। अफ्रीका और आस्ट्रेलिया ने 251 और 330 रन के विशाल लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत के गेंदबाजी आक्रमण की कलई खोल दी। हरफनमौलाओं को उतारकर बल्लेबाजी को गहराई देने की भारत की रणनीति के चलते रेणुका सिंह जैसी विकेट लेने वाली गेंदबाज की जगह अमनजोत कौर को तरजीह दी गई है। रेणुका की गैर मौजूदगी से भारत का आक्रमण एक जैसा हो गया है और विविधता देने के लिए उन्हें उतारना ही होगा। इससे अनुभवहीन और युवा क्रांति गौड़ पर दबाव बन रहा है, जिसने अभी तक अच्छी गेंदबाजी की है।




