मनोरंजन

कभी छिन गई थी आवाज, आज करोड़ों दिलों की धड़कन हैं शेखर रवजियानी, फिल्मों से कम नहीं है सिंगर के स्ट्रगल की कहानी

नई दिल्ली: बॉलीवुड के मशहूर म्यूजिक डायरेक्टर और सिंगर शेखर रवजियानी आज यानी 29 नवंबर को अपना 48वां जन्मदिन मना रहे हैं. विशाल ददलानी के साथ उनकी जोड़ी ने बॉलीवुड को कई ऐसे सुपरहिट गाने दिए हैं, जिन्हें आज भी लोग सुनना पसंद करते हैं. लेकिन क्या आप जानते हैं कि एक समय शेखर खुद अपनी पहचान बनाने के लिए रियलिटी शो ‘सा रे गा मा पा’ के मंच पर पहुंचे थे.

वहां से शुरू हुआ उनका सफर आज बॉलीवुड के बड़े म्यूजिक आर्टिस्ट तक पहुंच चुका है. इस दौरान उनकी जिंदगी में एक ऐसा मुश्किल दौर भी आया, जब उन्हें लगा कि शायद वह अब कभी गा नहीं पाएंगे.

बचपन से था संगीत का माहौल

शेखर रवजियानी का जन्म 29 नवंबर 1978 को गुजरात के भुज में हुआ था. उन्हें बचपन से ही संगीत में दिलचस्पी थी. उनके पिता हसमुख रवजियानी अच्छे अकॉर्डियन वादक थे. वह मशहूर गजल गायक जगजीत सिंह के करीबी दोस्त भी थे. शेखर बचपन में अक्सर जगजीत सिंह के घर जाया करते थे. वहां उन्हें रियाज करते देखना काफी पसंद था. इसी माहौल ने उनके अंदर संगीत के लिए प्यार बढ़ाया.

पिता ने भी बेटे के हुनर को पहचाना. उन्होंने शेखर को उस्ताद नियाज अहमद खान से शास्त्रीय संगीत की ट्रेनिंग दिलाई. शेखर ने भी पूरी मेहनत से अपनी गायकी को बेहतर बनाया. साल 1997 में उन्होंने ‘सा रे गा मा पा’ में कंटेस्टेंट के तौर पर हिस्सा लिया. इस शो से उन्हें पहचान मिली और मनोरंजन की दुनिया में आगे बढ़ने का मौका मिला. इसके बाद उन्होंने विज्ञापनों के लिए जिंगल्स भी बनाए.

ऐसे बनी विशाल-शेखर की जोड़ी

शेखर को साल 1999 में फिल्म ‘प्यार में कभी-कभी’ में म्यूजिक देने और गाने का मौका मिला. इसी फिल्म के दौरान उनकी मुलाकात बचपन के दोस्त विशाल ददलानी से हुई. दोनों ने साथ काम करना शुरू किया और देखते ही देखते उनकी जोड़ी बॉलीवुड की मशहूर म्यूजिक जोड़ियों में शामिल हो गई.

विशाल-शेखर ने कई फिल्मों में शानदार म्यूजिक दिया. ‘ओम शांति ओम’, ‘रा-वन’, ‘बैंग बैंग’ और ‘हैप्पी न्यू ईयर’ जैसी फिल्मों के गानों को खूब पसंद किया गया. वहीं शेखर की आवाज में ‘तुझे भुला दिया’, ‘बिन तेरे’ और ‘मेहरबान’ जैसे गाने भी लोगों के दिलों में बस गए. इस जोड़ी ने बॉलीवुड को कई ऐसे गाने दिए, जिन्हें आज भी लोग सुनना पसंद करते हैं.

शेखर की जिंदगी का मुश्किल दौर

शेखर की जिंदगी में एक ऐसा मुश्किल दौर भी आया, जब उन्हें लगा कि शायद वह दोबारा कभी गाना नहीं गा पाएंगे. उन्हें लेफ्ट वोकल कॉर्ड पैरेसिस की समस्या हो गई थी. इस बीमारी में उनकी एक स्वर रज्जु प्रभावित हो गई थी. इसकी वजह से उनकी आवाज बदलने लगी और उनके लिए गाना मुश्किल हो गया. एक सिंगर के लिए यह किसी बड़े झटके से कम नहीं था.

इस मुश्किल समय में शेखर काफी निराश हुए, लेकिन उन्होंने हिम्मत नहीं हारी. डॉक्टरों के इलाज और थेरेपी के साथ परिवार ने भी उनका पूरा साथ दिया. धीरे-धीरे उनकी आवाज में सुधार हुआ और उन्होंने फिर से म्यूजिक की दुनिया में वापसी की. आज शेखर रवजियानी अपनी मेहनत, आवाज और संगीत के दम पर इंडस्ट्री में खास पहचान रखते हैं.

Related Articles

Back to top button