‘तेरी गर्भ में पल रहा बच्चा मेरा है’, बोला- पूर्व लिव-इन पार्टनर, फिर एक ही रात में दो…

नेशनल डेस्क। देश की राजधानी दिल्ली के नबी करीम इलाके में शनिवार रात को एक सनसनीखेज वारदात हुई जिसने पूरे इलाके को दहला दिया है। कुतुब रोड पर एक गर्भवती महिला शलिनी (22) की उसके पूर्व लिव-इन पार्टनर आशु उर्फ शैलेन्द्र (34) ने सरेआम चाकू से गोदकर हत्या कर दी। इसके कुछ ही मिनट बाद महिला के पति आकाश (23) ने पलटवार करते हुए उसी चाकू से हमलावर आशु को भी मार डाला। यह खूनी वारदात त्रिकोणीय प्रेम संबंध और पुरानी रंजिश का नतीजा है।
ई-रिक्शा में जा रहे थे दंपत्ति, बदमाश ने किया हमला
पुलिस के मुताबिक शनिवार रात करीब 10 बजे शलिनी और उनके पति आकाश अपनी मां शीला से मिलने कुतुब रोड जा रहे थे। दोनों ई-रिक्शा में सवार थे कि अचानक इलाके के लिस्टेड बदमाश आशु ने उन्हें रोका और आकाश पर चाकू से हमला कर दिया।
आकाश ने पहला वार किसी तरह बचा लिया लेकिन इसके तुरंत बाद आशु ने शलिनी पर ताबड़तोड़ वार करने शुरू कर दिए। शलिनी दो बच्चों की मां थी और फिर से गर्भवती थी। पत्नी को बचाने की कोशिश में आकाश भी घायल हुआ लेकिन उसने हिम्मत दिखाते हुए आशु से चाकू छीन लिया और उसी चाकू से उस पर हमला कर दिया।
दोनों हमलावर और पति आकाश बुरी तरह घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। शलिनी का भाई रोहित मौके पर पहुंचा और तीनों को अस्पताल ले गया। डॉक्टरों ने शलिनी और आशु को मृत घोषित कर दिया जबकि आकाश गंभीर हालत में भर्ती है।
हत्या की वजह: जलन और बच्चे को लेकर दावा
पुलिस जांच में सामने आया है कि इस डबल मर्डर का कारण पुरानी रंजिश और ईर्ष्या थी। कुछ साल पहले शलिनी और आकाश के बीच झगड़ा हुआ था जिसके बाद शलिनी घर छोड़कर बदमाश आशु के साथ लिव-इन रिलेशन में रहने लगी थी। कुछ समय बाद शलिनी वापस अपने पति और बच्चों के पास लौट आई लेकिन आशु इसे बर्दाश्त नहीं कर पाया। वह लगातार शलिनी को धमका रहा था और दावा कर रहा था कि शलिनी के गर्भ में पल रहा बच्चा उसी का है।
पुलिस के अनुसार मृत हमलावर आशु उर्फ शैलेन्द्र नबी करीम इलाके का लिस्टेड बैड कैरेक्टर था और कई आपराधिक मामलों में शामिल था। पति आकाश पर भी तीन केस दर्ज हैं। पुलिस ने शलिनी की मां शीला की शिकायत पर हत्या और हत्या के प्रयास की धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। भीड़भाड़ वाली जगह पर हुई इस वारदात से स्थानीय लोगों में डर का माहौल है।




