जम्मू-कश्मीर में बीजेपी ने राज्यसभा की एक सीट कैसे जीत ली, 28 विधायक और मिले 32 वोट

जम्मू-कश्मीर में राज्यसभा चुनाव के जब नतीजे आए तो एक सीट पर भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार की जीत चर्चा में आ गई.
बीजेपी ने पर्याप्त संख्या न होने के बावजूद नाटकीय अंदाज़ में जीत दर्ज की और चुनावी समीकरण पलट दिए. चार में से तीन सीटें नेशनल कॉन्फ़्रेंस (एनसी) ने जीती हैं.
जम्मू-कश्मीर विधानसभा में बीजेपी के 28 विधायक हैं लेकिन पार्टी के उम्मीदवार सत शर्मा ने 32 वोट हासिल किए हैं. उन्होंने नेशनल कॉन्फ़्रेंस के इमरान नबी डार को हराया है, जिन्हें 22 वोट ही मिले.
मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्लाह ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर पोस्ट कर बीजेपी उम्मीदवार को चार अतिरिक्त वोट मिलने पर हैरानी जताई. उन्होंने कहा कि हमारे किसी भी विधायक ने क्रॉस वोटिंग नहीं की है.
बीजेपी के अलावा एनसी के मोहम्मद रमज़ान, सज्जाद अहमद किचलू और गुरविंदर सिंह ओबेरॉय ने जीत हासिल की है.
‘चार विधायक कौन थे?’
जम्मू-कश्मीर की कुल 90 सीटों वाली विधानसभा में नेशनल कॉन्फ़्रेंस के 41, कांग्रेस के छह, पीपल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) के तीन, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) और अवामी इत्तेहाद पार्टी के एक-एक विधायक हैं.
इनके अलावा बीजेपी 28 के साथ आम आम आदमी पार्टी और जम्मू एंड कश्मीर पीपल्स कॉन्फ़्रेंस के भी एक-एक विधायक हैं.
पीपल्स कॉन्फ़्रेंस के अध्यक्ष और विधायक सज्जाद लोन ने सत शर्मा की जीत को नेशनल कॉन्फ़्रेंस और बीजेपी के बीच ‘फिक्स मैच’ बताया है.
नतीजे आने के बाद सज्जाद लोन ने दावा किया कि सत्तारूढ़ पार्टी ने अपने तीसरे उम्मीदवार और पार्टी कोषाध्यक्ष गुरविंदर सिंह ओबेरॉय के लिए तीन अतिरिक्त वोट हासिल किए, जिन्हें तीसरी सीट पर विजेता घोषित किया गया.
उन्होंने एक्स पर लिखा, “तो बीजेपी ने चौथी सीट जीत ली. जैसा अंदाज़ा था, मैच पहले से तय था. बुराई की धुरी- एनसी और बीजेपी. अब तो गणित से भी साबित हो गया है कि यह मैच फिक्स था. एनसी ने उम्मीदवार नंबर तीन के लिए ज़रूरत से ज़्यादा वोट क्यों डाले? उन्हें इसकी ज़रूरत नहीं थी. उन्होंने उम्मीदवार नंबर तीन को 31 वोट दिए जबकि 29 वोट काफ़ी होते या 28 भी, क्योंकि बीजेपी चौथी सीट के लिए लड़ रही थी. किसने क्रॉस-वोटिंग की? किनके वोट रद्द हुए? और कौन इसमें मिला हुआ था?
लेकिन उमर अब्दुल्लाह का कहना है कि उनके विधायकों ने पार्टी के निर्देशानुसार वोटिंग की है.




