वेनेजुएला में अमेरिकी आक्रमण पर छिड़ी अंतर्राष्ट्रीय बहस ! मियामी में लोगों ने सड़कों पर जश्न मनाया

International Desk: वेनेजुएला संकट में अमेरिका की सैन्य कार्रवाई के बाद संवैधानिक, कानूनी और अंतरराष्ट्रीय विवाद गहराता जा रहा है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, ट्रंप प्रशासन ने वेनेजुएला में मादुरो को पकड़ने के ऑपरेशन की जानकारी अमेरिकी कांग्रेस को कार्रवाई पूरी होने के बाद दी।सूत्रों के अनुसार, प्रशासन ने इस कदम को अमेरिकी संविधान के अनुच्छेद-II के तहत सही ठहराया, जो राष्ट्रपति को सेना का कमांडर-इन-चीफ बनाता है। विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने सीनेटर माइक ली को बताया कि यह “काइनेटिक एक्शन” अमेरिकी कर्मियों की सुरक्षा के लिए था, जो मादुरो के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट को लागू कर रहे थे। हालांकि, यह परंपरा से हटकर कदम माना जा रहा है, क्योंकि पहले ऐसी सैन्य कार्रवाइयों से पहले कांग्रेस नेतृत्व को सूचित किया जाता रहा है।
वीडियो में देखें कराकस एयर बेस की तबाही
दिन की रोशनी में सामने आए दृश्यों में कराकस के ला कार्लोटा एयर बेस के भीतर जले हुए टैंक, नष्ट बसें और कई झुलसे वाहन दिखाई दिए। बम धमाकों से बेस की बाड़ टेढ़ी हो गई और पास की स्ट्रीट लाइट गिर गई, जिससे हमलों की तीव्रता का अंदाजा लगाया जा रहा है।




