दिल्ली

दिल्ली में जर्जर पाइपलाइनें बनीं गंदे पानी का कारण, लोग बोतलबंद पानी खरीदने को मजबूर

नई दिल्ली। दिल्ली के प्रेम नगर, बलजीत नगर और पटेल नगर सहित कई इलाकों में लोग गंदा पानी पीने को मजबूर हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार इन क्षेत्रों में पानी की पाइपलाइन पिछले करीब 50 वर्षों से बदली नहीं गई है। जर्जर हो चुकी पाइपलाइनों में जगह-जगह लीकेज के कारण नालों का गंदा पानी सप्लाई लाइन में मिल रहा है, जिससे घरों तक दूषित पानी पहुंच रहा है।

ऐसी ही स्थिति नबी करीम और सदर बाजार क्षेत्रों में भी बनी हुई है, जहां लगभग 48 वर्षों से पानी की पाइपलाइन नहीं बदली गई है। दूषित जल आपूर्ति के कारण लोगों को रोजाना 20 से 30 रुपये की 20 लीटर की बोतलबंद पानी खरीदकर पीना पड़ रहा है।

फिल्टर वाटर में भी नहीं मिनरल्स की जानकारी

स्थानीय निवासियों का कहना है कि उपलब्ध फिल्टर वाटर में भी आवश्यक मिनरल्स की जानकारी नहीं दी जाती, जिससे स्वास्थ्य को लेकर चिंता बनी हुई है। नबी करीम, पहाड़गंज, दरियागंज, बलजीत नगर, प्रेम नगर, चांदनी चौक, पटेल नगर और सदर बाजार जैसे घनी आबादी वाले क्षेत्रों में लोगों को पीने के लिए साफ पानी उपलब्ध नहीं हो पा रहा है।

हालात इतने गंभीर हैं कि गंदा और बदबूदार पानी मिलने से लोगों के स्वास्थ्य पर सीधा असर पड़ रहा है, जिससे प्रशासन की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। इन इलाकों की लगभग 40 प्रतिशत आबादी गंदे पानी को पी रही है।

गंदे पानी से तेजी से फैल रही बीमारियां

प्रेम नगर की स्थिति सबसे ज्यादा चिंताजनक है। यहां शायद ही कोई ऐसा घर होगा, जहां पानी को साफ करने के लिए आरओ मशीन न लगी हो। इसके बावजूद गंदे पानी की आपूर्ति के कारण कई घरों में आरओ मशीनें भी खराब हो चुकी हैं। जो लोग आरओ मशीन खरीदने में सक्षम नहीं हैं, वे मजबूरी में कंधों पर पानी की बोतलें लादकर बाहर से पीने का पानी लाते हैं।

यह समस्या कोई नई नहीं है, बल्कि पिछले कई वर्षों से लगातार बनी हुई है। प्रेम नगर की गली नंबर एक में हालात और भी बदतर हैं। यहां सीवर का गंदा पानी घरों की पाइप लाइनों में मिल रहा है। कई घरों में मल-मूत्र युक्त पानी पहुंचने से लोगों का जीना दूभर हो गया है।

गंदे पानी के कारण खाना-पीना प्रभावित हो रहा है और बीमारियां तेजी से फैल रही हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार, पेट दर्द, उल्टी, दस्त और बुखार जैसी समस्याएं आम हो गई हैं। कुछ लोग मजबूरी में इसी गंदे पानी को पी रहे हैं, जिससे उन्हें बार-बार अस्पताल के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं।

वहीं प्रेम नगर के स्थानीय निवासियों का कहना है कि इस गंभीर समस्या को लेकर वे कई बार संबंधित विभागों और प्रशासन से शिकायत कर चुके हैं, लेकिन आज तक कोई ठोस समाधान नहीं निकला। लोग अपने खर्च पर सीवर की सफाई कराते हैं, फिर भी दिल्ली नगर निगम की ओर से उन्हें कोई स्थायी मदद नहीं मिलती।

पानी की आपूर्ति समय पर नहीं हो रहा है, एक समय पानी आता है वह भी बेहद गंदा पानी आता है। जो पानी आता है वह इतना गंदा और बदबूदार होता है कि उसका उपयोग करना जोखिम भरा हो जाता है। लोगों का कहना है कि अगर कोई व्यक्ति उस पानी को बिना शुद्ध किए पी ले, तो उसका अस्पताल पहुंचना तय है।

क्या बोले पीड़ित लोग?

पानी की समस्या पिछले कई वर्षों से बनी हुई है, लेकिन प्रशासन ने कोई सुनवाई नहीं की।

– नंदकिशोर, नबी करीम

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button