राजनीति

RSS देशभर में आयोजित करेगा एक लाख से अधिक हिंदू सम्मेलन, जानें क्या है वजह

नई दिल्ल/मथुरा: राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ( आरएसएस ) के कार्यकर्ता संगठन की शताब्दी वर्षगांठ के उपलक्ष्य में 15 जनवरी से देश भर में ‘हिंदू सम्मेलन’ आयोजित करेंगे। आरएसएस के एक वरिष्ठ पदाधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी। आरएसएस ने देश भर में एक लाख से अधिक ऐसे सम्मेलन आयोजित करने का लक्ष्य रखा है। इनमें से लगभग 2,000 सम्मेलन उत्तर प्रदेश के ब्रज क्षेत्र में आयोजित किए जाएंगे।

आरएसएस के शीर्ष नेतृत्व द्वारा शताब्दी वर्ष को ‘समाज उत्सव’ के रूप में मनाने और संपूर्ण हिंदू समाज को एकजुट करने के आह्वान के बाद पिछले वर्ष विजयदशमी के अवसर पर सम्मेलनों की इस श्रृंखला की शुरुआत की गई थी।

हिंदू सम्मेलन का क्या है उद्देश्य?

ब्रज प्रांत के प्रचार प्रमुख कीर्ति कुमार ने कहा, ”इन सम्मेलनों का उद्देश्य संपूर्ण हिंदू समाज को एक साथ लाना एवं एकता का संदेश देना है तथा लोगों को आपस में जोड़ना है।” आरएसएस पदाधिकारी के अनुसार, सम्मेलनों में होने वाली चर्चाओं का केंद्र बिंदु सामाजिक सद्भाव, एकता और नेतृत्व द्वारा सुझाए गए पांच परिवर्तनकारी बदलाव होंगे, जिनके बारे में संगठन का मानना है कि ये सामाजिक कमियों को दूर करने और जाति या वर्ग भेद से परे एक साझा हिंदू पहचान को बढ़ावा देने में सहायक होंगे।

ब्रंज प्रांत के 12 जिलों में 2 हजार स्थानों पर सम्मेलन

कुमार ने बताया कि ब्रज प्रांत में हिंदू सम्मेलन 15 जनवरी से 15 फरवरी के बीच आरएसएस द्वारा निर्धारित 12 जिलों में आयोजित किए जाएंगे, जिनमें प्रांतीय, क्षेत्रीय और जिला स्तर के पदाधिकारी भाग लेंगे। उन्होंने कहा, ”ब्रज प्रांत के 12 जिलों में 2,000 स्थानों पर सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे, जिनमें लगभग 3,000 बस्तियां और मंडल शामिल होंगे। स्थानीय आयोजन समितियां 11 से 21 जनवरी के बीच तैयारियों को अंतिम रूप दे रही हैं।”

सम्मेलन में कौन-कौन होंगे शामिल?

उन्होंने बताया कि इन सम्मेलनों को बुद्धिजीवी, शिक्षक, चिकित्सक, इंजीनियर, महिला प्रतिभागी, संत और अन्य प्रमुख नागरिक संबोधित करेंगे। इस दौरान स्थानीय सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित होंगे और अंत में सामुदायिक भोज के साथ सम्मेलन समाप्त होगा। मथुरा जिले के बारे में जानकारी देते हुए क्षेत्रीय प्रचार प्रमुख जगदीश प्रसाद ने बताया कि 86 मंडलों और 76 शहरी बस्तियों में लगभग 150 हिंदू सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button