उत्तरप्रदेश

जलकल विभाग का कारनामा, 16 लाख पानी के बिल को कर दिया शून्य

लखनऊ: राजधानी लखनऊ का जलकल विभाग अपने कारनामे के लिए मशहूर हो रहा है। जलकल विभाग के जोन सात में पानी कनेक्शन रिकॉर्ड से हटाकर लाखों के बिल को कुछ हजार रुपये करने का खेल बदस्तूर जारी है। अब एक नए मामले ने जलकल विभाग में हो रहे भ्रष्टाचार की पोल खोल दी है। यहां भी कर्मचारियों की मिलीभगत से अयोध्या रोड स्थित इस्माइलगंज में एक बड़े होटल का लाखों का पानी का बिल शून्य कर दिया गया।

बिल माफ करने के लिए कर्मचारियों ने इस पूरे इलाके में पानी कनेक्शन न होना दिखाया गया है, जिसके बाद पानी का बिल रिकॉर्ड से हट गया, जबकि जमीनी हकीकत यह है कि इस पूरे इलाके में पानी का कनेक्शन जलकल साल 2014 से ही वसूल रहा है। इस पूरी रोड पर कमर्शियल प्रॉपर्टी है, जिनसे जलकल विभाग हर साल भारी बिल वसूल रहा है।

सिर्फ सीवर का बिल वसूला गया

इस्माइलगंज में एक होटल कई वर्षों से चल रहा है। इस होटल की जलकल विभाग में हाउस आईडी 10278619 दर्ज है, जिसका एनुअल रेंटल वैल्यू (एआरवी) 2280605 दर्ज है। इस एआरवी का करीब 12.50% शुल्क पानी के बिल के रूप में भवन स्वामी को अदा करना होता है, लेकिन इस एआरवी को हटाने के लिए जलकल जोन सात में कर्मचारियों ने बिल में पानी का कनेक्शन न होने का अंकित कर दिया। इसके चलते उपभोक्ता का बकाया करीब 16 लाख रुपये का बिल शून्य हो गया। इसके बजाए भवन से केवल सीवर के कनेक्शन का सालाना महज 64 हजार रुपये का बिल वसूला जा रहा है। ऐसे में बिल से पानी का कनेक्शन का रिकॉर्ड जोन से सात से गायब किया गया है।

इसे लेकर अपर नगर आयुक्त ललित कुमार का कहना है कि जांच के निर्देश दिए गए हैं। इस तरह से पानी का कनेक्शन रिकॉर्ड से गायब करना आपराधिक मामला बनता है। अगर जरूरत पड़ी तो एफआईआर भी करवाई जाएगी।

दूसरी टीम करेगी पानी और सीवर के बिल का असेसमेंट

अपर नगर आयुक्त ललित कुमार ने बताया कि जोन सात में जलकल के पानी और सीवर के बिल में लगातार फर्जीवाड़े की शिकायतें मिल रही हैं। ऐसे में जोन में सभी कमर्शियल प्रॉपर्टी का दोबारा असेसमेंट किया जाएगा। इस असेसमेंट जलकल के बजाए नगर निगम जोन सात के अफसरों और टैक्स इंस्पेक्टरों को लगाया जाएगा। यह टास्क टीम अयोध्या रोड पर स्थित सभी कमर्शियल प्रॉपर्टी का दोबारा पानी और सीवर का असेसमेंट करेगी। इसके लिए जोन सात के जोनल अफसरों को निर्देशित कर दिया गया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button