
एजेंसियां — कोकराझार
असम के कोकराझार में सोमवार की रात हुई एक कार दुर्घटना के बाद वहां सांप्रदायिक तनाव फैल गया, जो मंगलवार को खूनी हिंसा में बदल गई। मंगलवार को कथित तौर पर बोडो और आदिवासियों के बीच भडक़ी हिंसा में एक व्यक्ति की मौत हो गई। इसके बाद इलाके में तनाव गहरा गया, जिसके बाद रैपिड एक्शन फोर्स (आरएएफ) की तैनाती की गई है। हालात को देखते हुए राज्य सरकार ने कोकराझार और चिरांग जिलों में इंटरनेट और मोबाइल डाटा सेवाएं अस्थायी रूप से बंद कर दी हैं। अधिकारियों ने यह जानकारी दी है। गृह विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि सोमवार रात कोकराझार थाने के अंतर्गत करीगांव चौकी क्षेत्र में मानसिंह रोड पर तीन बोडो लोगों को ले जा रहे एक वाहन से दो आदिवासी व्यक्तियों को टक्कर लग गई। इसके बाद आदिवासी ग्रामीणों ने तीनों बोडो लोगों के साथ मारपीट की और वाहन को आग लगा दी।
इस घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई। मंगलवार को इसी घटना के विरोध में हालात और बिगड़ गए। बोड़ो और आदिवासी समुदायों के लोगों ने नेशनल हाईवे जाम कर दिया, टायर जलाए, कुछ घरों में आग लगा दी और एक सरकारी कार्यालय और पुलिस चौकी पर हमला बोल दिया। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज और आंसू गैस के गोले भी दागने पड़े हैं। इस दौरान कई लोग घायल हुए, जिनमें कुछ पुलिसकर्मी भी शामिल हैं। गृह विभाग ने अगले आदेश तक पूरे जिले में सभी मोबाइल सेवा प्रदाताओं की इंटरनेट/ मोबाइल डेटा सेवा को अस्थायी रूप से निलंबित कर दिया है।




