सरस्वती विसर्जन के दौरान यमुना में बहे 3 सुरक्षित, एक की तलाश जारी

पूर्वी दिल्ली के मयूर विहार इलाके में यमुना नदी से जुड़ी नहर में मूर्ति विसर्जन के दौरान बह गए 20 वर्षीय युवक की तलाश लगातार दूसरे दिन भी जारी रही है. पुलिस के मुताबिक, यह घटना शनिवार शाम की है. जब नोएडा निवासी विकास अपने कुछ साथियों के साथ मूर्ति विसर्जन के लिए नहर के पास पहुंचा था.
जानकारी के अनुसार, विकास 8 से 10 लोगों के एक समूह के साथ विसर्जन करने आया था. इसी दौरान समूह के चार लोग नहर में उतरे. इनमें से तीन लोग तो किसी तरह सुरक्षित बाहर निकल आए, लेकिन विकास तेज बहाव की चपेट में आ गया और पानी में बह गया. नहर में पानी का बहाव काफी तेज होने के कारण वह खुद को संभाल नहीं सका.
युवक की खोज के लिए जुटी कई एजेंसियां
घटना की सूचना मिलते ही उत्तर प्रदेश पुलिस ने दिल्ली पुलिस को जानकारी दी, जिसके बाद तुरंत तलाश अभियान शुरू किया गया. युवक की खोज के लिए कई एजेंसियों को लगाया गया है. इस अभियान में उत्तर प्रदेश राज्य आपदा मोचन बल (SDRF), दिल्ली अग्निशमन सेवा (DFS) और स्थानीय पुलिस की टीमें लगातार नहर और आसपास के इलाकों में सर्च ऑपरेशन चला रही हैं. इसके अलावा राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF) से भी सहायता मांगी गई है.
युवक की तलाश में युद्धस्तर चल रहा अभियान
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि युवक की तलाश युद्धस्तर पर की जा रही है और हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं. गोताखोरों की मदद से नहर के अलग-अलग हिस्सों में खोज की जा रही है.
मूर्ति विसर्जन में सावधानी बरतें लोग
इस घटना के बाद प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि मूर्ति विसर्जन के दौरान सावधानी बरतें और गहरे या तेज बहाव वाले पानी में उतरने से बचें. ताकि इस तरह की दुखद घटनाओं को रोका जा सके.




