बजट : देश भर में मजबूत होगी खेती, बढ़ेगी कमाई, ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के मिलेंगे नए अवसर

एजेंसियां — नई दिल्ली, केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने रविवार को देश का बजट पेश किया। इसमें कृषि क्षेत्र को लेकर भी उन्होंने कई घोषणाएं कीं। केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कृषि बजट 2026 में किसानों की आमदनी बढ़ाने और खेती को मजबूत बनाने पर खास ध्यान दिया है। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा कि देश के किसानों की आय बढ़ाने के लिए बजट 2026-27 में मत्स्य पालन, पशुपालन योजना को मजबूत बनाने के साथ ही देश के काजू और नारियल को वैश्विक ब्रांड बनाया जाएगा। बजट भाषण में उन्होंने साफ कहा कि सरकार का लक्ष्य सिर्फ अनाज उत्पादन तक सीमित नहीं है, बल्कि खेती से जुड़े हर क्षेत्र को आगे बढ़ाना है। डेयरी, मुर्गी पालन, बागबानी और खास फसलों के जरिए किसानों को ज्यादा कमाई के मौके दिए जाएंगे।
वित्त मंत्री ने कहा कि अगर खेती में उत्पादों की विविधता बढ़ाई जाए, तो न केवल किसानों की आमदनी बढ़ेगी, बल्कि ग्रामीण इलाकों में रोजगार के नए अवसर भी बनेंगे। खेती के पारंपरिक तरीकों के साथ-साथ नए क्षेत्रों पर भी जोर दिया गया है। योजना के तहत 500 जलाशयों और अमृत सरोवरों के एकीकृत विकास की पहल से मत्स्य पालन क्षेत्र को सुदृढ़ करने के साथ ही पशुपालन क्षेत्र में उद्यमशीलता विकास से रोजगार के अवसर प्रदान किए जाएंगे। सीतारमण ने कहा कि किसानों की आय को बढ़ाने के लिए मत्स्य पालन क्षेत्र, पशुपालन तथा नारियल प्रोत्साहन योजना को बढावा देने के साथ ही भारतीय काजू और कोको को प्रीमियम ग्लोबल ब्रांड बनाया जाएगा।
डेयरी-मुर्गी पालन पर बड़ा फोकस
वित्त मंत्री ने अपने भाषण में कहा कि डेयरी और मुर्गी पालन को मजबूत करना सरकार की प्राथमिकता है। इन क्षेत्रों से लाखों किसान और छोटे परिवार जुड़े हुए हैं। सरकार चाहती है कि किसान दूध, अंडे और इससे जुड़े उत्पादों के जरिए स्थायी आमदनी कमा सकें। इसके लिए बेहतर सुविधाएं, प्रशिक्षण और बाजार तक पहुंच बढ़ाने की बात कही गई है। वित्त मंत्री ने बताया कि नारियल के उत्पादन में भारत दुनिया में सबसे आगे है। देश में करीब तीन करोड़ लोग सीधे या परोक्ष रूप से नारियल की खेती और उससे जुड़े कामों पर निर्भर हैं। सरकार मुख्य नारियल उत्पादक राज्यों में नई सुविधाएं स्थापित करेगी। इससे नारियल किसानों को बेहतर समर्थन मिलेगा और नारियल से जुड़े उत्पादों की गुणवत्ता और बिक्री दोनों में सुधार होगा। सरकार नारियल के मूल्यवर्धन यानी उससे बनने वाले तेल, रेशा और अन्य उत्पादों को भी बढ़ावा देगी।
काजू-कोको को मिलेगी नई पहचान
कृषि बजट 2026 में काजू और कोको को भी खास जगह दी गई है। इसके साथ ही निर्यात को बढ़ाने पर भी जोर दिया गया है। काजू और कोको से जुड़े उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंचाने के लिए किसानों और उद्यमियों को सहायता दी जाएगी। उन्होंने कहा कि चंदन की खेती को फिर से बढ़ावा दिया जाएगा। कृषि बजट में नॉर्थ ईस्ट राज्यों के लिए भी खास योजना रखी गई है। इस क्षेत्र में बादाम और मूंगफली जैसी फसलों को आगे बढ़ाया जाएगा।
बहु भाषीय एआई टूल ‘भारत विस्तार’ बनाने का प्रस्ताव
नई दिल्ली। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने देश में किसानों की आय बढ़ाने के लिये बहु भाषीय एआई टूल ‘भारत विस्तार’ का प्रस्ताव किया है। सीतारमण ने रविवार को लोकसभा में वर्ष 2026-27 का बजट पेश करते हुए कहा कि इस टूल के जरिए किसानों की आय बढ़ाऩे में मदद की जाएगी। उनका कहना था कि भारत विस्तार नाम के इस बहुभाषीय टूल के माध्यम से किसानों की आय बढ़ायी जाएगी। उन्होंने कहा Þभारत-विस्तार एक बहु भाषीय एआई टूल है, जिसके जरिए किसानों की उत्पादकता बढ़ायी जाएगी और इससे विशिष्ट सलाह प्रदान कर किसानों को बेहतर निर्णय लेने और जोखिम को कम करने में मदद दी जाएगी। वित्त मंत्री ने कहा कि इस टूल के माध्यम से महिलाओं को भी सशक्त बनाया जाएगा। यह ग्रामीण महिलाओं के नेतृत्व वाले उद्यम ‘शी-मार्टस’ के जरिए महिलाओं को उद्यमों का मालिक बनने में मदद करेगा।




