अंतर्राष्ट्रीय

ईरान पर नए हमलों की तैयारी में अमेरिका, ‘ऑपरेशन स्लेजहैमर’ पर मंथन

 पश्चिम एशिया में पिछले ढाई महीने से जारी तनाव और होर्मुज स्ट्रेट को लेकर बने गतिरोध के बीच अमेरिका ने ईरान के खिलाफ नए सैन्य अभियान की तैयारी तेज कर दी है। ट्रंप प्रशासन युद्धविराम टूटने की स्थिति में ‘ऑपरेशन स्लेजहैमर’ नाम से संभावित सैन्य कार्रवाई की योजना पर काम कर रहा है।

अमेरिकी मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, अमेरिका और इजरायल युद्धविराम के बाद से अब तक की सबसे बड़ी सैन्य तैयारियों में जुटे हैं। न्यूयॉर्क टाइम्स ने पश्चिम एशिया के सूत्रों के हवाले से दावा किया है कि अगले सप्ताह से ईरान के सैन्य और रणनीतिक ठिकानों पर नए हमले शुरू किए जा सकते हैं।

रिपोर्ट के मुताबिक, अभियान के तहत विशेष अभियान बलों को भी तैनात किया जा सकता है, ताकि जमीन के भीतर गहराई में छिपी परमाणु सामग्री और ठिकानों का पता लगाया जा सके।

अधिकारियों के अनुसार, इसी उद्देश्य से मार्च में सैकड़ों अमेरिकी स्पेशल आपरेशन फोर्स को पश्चिम एशिया भेजा गया था।बताया जा रहा है कि संभावित कार्रवाई वहीं से शुरू हो सकती है, जहां सात अप्रैल को अमेरिका और ईरान के बीच अंतिम समय में हुए युद्धविराम से पहले सैन्य गतिविधियां रुकी थीं।

चीन यात्रा के दौरान राष्ट्रपति शी चिनफिंग से ईरान मुद्दे पर चर्चा के बाद राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का रुख और आक्रामक माना जा रहा है। अमेरिका और इजरायल इस समय संयुक्त सैन्य अभ्यास भी कर रहे हैं।

युद्ध दोबारा शुरू होने को लेकर आशंकित ईरान

ईरान भी संभावित सैन्य संघर्ष को लेकर सतर्क हो गया है। तेहरान ने अपनी सैन्य तैयारियां तेज कर दी हैं और दावा किया है कि पिछले हमलों में क्षतिग्रस्त हुए एयर डिफेंस सिस्टम को दोबारा सक्रिय किया जा रहा है।

ईरानी संसद के अध्यक्ष मोहम्मद बाकर गलीबाफ ने एक्स पर लिखा, “हमारी सेना किसी भी आक्रामकता का मुंहतोड़ जवाब देने के लिए तैयार है।”

वहीं, ईरानी संसद की राष्ट्रीय सुरक्षा समिति के प्रमुख इब्राहिम अजीजी ने कहा कि तेहरान ने होर्मुज स्ट्रेट में समुद्री यातायात नियंत्रित करने के लिए नया तंत्र तैयार किया है। इसके तहत केवल वाणिज्यिक जहाजों और ईरान के साथ सहयोग करने वाले देशों को विशेष सुविधाएं दी जाएंगी तथा इसके लिए शुल्क भी लिया जाएगा।

अमेरिकी सेंटकॉम ने दावा किया है कि अब तक 78 जहाजों को होर्मुज स्ट्रेट में लौटाया जा चुका है, जबकि चार जहाजों को निष्क्रिय किया गया है।

Related Articles

Back to top button