अन्य खबरें

अनिरुद्धाचार्य कर रहे थे कथा तभी पहुंच गई मुस्लिम महिला, बोली- गुरूजी सलाम वालेकुम, और फिर…

Viral Video: सोशल मीडिया पर कथावाचक अनिरुद्धाचार्य महाराज का एक वीडियो खूब वायरल हो रहा है. अनिरुद्धाचार्य महाराज अपने बेबाक अंदाज और श्रद्धालुओं के सवालों के सीधे जवाब देने के लिए जाने जाते हैं. लेकिन हाल ही में उनकी कथा (प्रवचन) के दौरान एक ऐसा वाकया हुआ, जिसने वहां मौजूद सभी लोगों के साथ-साथ इंटरनेट यूजर्स का भी ध्यान अपनी ओर खींच लिया. उनकी कथा में एक मुस्लिम महिला पहुंची, जिसने न सिर्फ गुरुजी से बात की, बल्कि ‘हिंदू-मुस्लिम’ के मुद्दे पर एक बहुत ही प्यारा संदेश भी दिया.

मेरा नाम महजबी खातून है…

वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि सिर पर हिजाब (दुपट्टा) ओढ़े एक महिला माइक हाथ में लेती है और सबसे पहले कहती है- ‘सबको सलाम करते हैं, मेरे मम्मी-पापा को सबको सलाम.’ इसके बाद गुरुजी अनिरुद्धाचार्य उनका नाम पूछते हैं, जिस पर महिला अपना नाम ‘महजबी खातून’ बताती है. जब गुरुजी पूछते हैं कि ‘आप कथा सुनती हैं? आप मुसलमान हैं?’ इस पर महिला बड़ी बेबाकी और मुस्कुराहट के साथ ‘हां’ में जवाब देती है.

इस दौरान गुरुजी ने एक सवाल पूछा कि ‘मुसलमान होकर आप कथा सुनती हैं, तो आपको कोई रोकता नहीं है?’ इस पर महजबी खातून ने जो जवाब दिया, उसने नफरत फैलाने वालों को एक बड़ा सबक दे दिया. महिला ने कहा, ‘नहीं… इसमें हिंदू-मुसलमान से क्या लेना, मन साफ हो बस.’ महिला की इस पवित्र भावना की गुरुजी ने भी जमकर तारीफ की और कहा कि आपकी भावना बहुत अच्छी है.

गुरुजी से की भाई की शराब छुड़ाने की गुहार

कथा में आने का अपना मुख्य कारण बताते हुए महजबी खातून ने गुरुजी से प्रार्थना की. उन्होंने कहा कि उनके पति अमजद मियां एक ढाबे/होटल में काम करते हैं और उनके तीन बच्चे हैं, परिवार में सब ठीक है. लेकिन उनका भाई बुरी संगत (दोस्ती-यारी) में पड़कर शराब पीने लगा है. महिला ने गुरुजी से कहा, “हम चाहते हैं कि हमारा भाई जो दारू पीता है, वो ठीक हो जाए और अच्छे से अपना परिवार चलाए.”

कुसंग हटेगा तो शराब छूटेगी

महिला की परेशानी सुनकर अनिरुद्धाचार्य महाराज ने उन्हें समझाते हुए कहा, “जैसे दीपक जलाने से अंधकार मिट जाता है, वैसे ही सत्संग करने से कुसंग (बुरी संगत) मिट जाता है.” गुरुजी ने कहा कि आपका भाई कुसंग के कारण पीता है, जब वह सत्संग से जुड़ेगा तो उसकी शराब छूट जाएगी. महिला ने भी खुशी जताते हुए कहा कि उसने पिछले दो महीने से शराब छोड़ रखी है और उम्मीद है कि ‘अल्लाह’ करे वो हमेशा के लिए इसे छोड़ दे. वीडियो के अंत में मुस्लिम महिला मुस्कुराते हुए गुरुजी को ‘राधे-राधे’ कहती है और गुरुजी भी उन्हें आशीर्वाद देते हुए ‘राधे-राधे’ कहते हैं.

Related Articles

Back to top button