उत्तरप्रदेश

GDA बोर्ड की बैठक में हरनंदीपुरम ग्रीन टाउनशिप को मिली मंजूरी, अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम को भी हरी झंडी

गाजियाबाद: सुनियोजित, संतुलित एवं भविष्य उन्मुख विकास को नई गति देते हुए गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) की 174वीं बोर्ड बैठक में कई फैसलों पर सर्वसम्मति से मुहर लगाई गई है। मेरठ मंडल के आयुक्त एवं बोर्ड अध्यक्ष भानु चंद्र गोस्वामी की अध्यक्षता में महत्वाकांक्षी परियोजना हरनंदीपुरम ग्रीन के टाउनशिप लेआउट को मंजूरी प्रदान की गई।

ऐसे में अब जीडीए दिवाली पर योजना को आधिकारिक तौर पर लॉन्च करने की तैयारी में है। उत्तर प्रदेश क्रिकेट असोसिएशन (यूपीसीए) के साथ लैंड पूलिंग के जरिये अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम के निर्माण संबंधी प्रस्ताव को भी हरी झंडी मिली। बता दें कि यह 174वीं बोर्ड बैठक न केवल आवासीय और खेल सुविधाओं के लिहाज से ऐतिहासिक रही, बल्कि पहचान को नया आयाम देने वाले कई अहम निर्णय भी लिए गए।

हरनंदीपुरम ग्रीन टाउनशिप: 501 हेक्टेयर में होगा फैलाव

नई आवासीय योजना के प्रथम चरण में ग्राम भोवापुर एवं शाहपुर निज मोरटा की 24.1213 हेक्टेयर का भू-उपयोग महायोजना-2031 में कृषि से आवासीय में परिवर्तित किया गया है। व्यक्तिगत मकानों के लिए 210 से 300 वर्ग मीटर के 150 भूखंड और बहुमंजिला सोसायटियों के लिए 24 एकड़ में तीन विशाल ग्रुप हाउसिंग प्लॉट्स दिए जाएगे। 30 प्रतिशत हिस्सा हरित क्षेत्र रहेगा।

पहचान और रोजगार का नया केंद्र क्रिकेट स्टेडियम

अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम के निर्माण हेतु उत्तर प्रदेश क्रिकेट असोसिएशन की भूमि को लैंड पूलिंग के माध्यम से प्राप्त करने, ड्राफ्ट MOU और फिजिबिलिटी रिपोर्ट से जुड़ी कार्यवाहियों को सर्वसम्मति से मंजूरी दी गई। जिससे होटल, रेस्तरां, परिवहन, पर्यटन और हॉस्पिटेलिटी के क्षेत्रों को भारी आर्थिक बढ़ावा मिलेगा।

Related Articles

Back to top button