‘GDP आंकड़ों पर PM मोदी बोले, ‘तेल की कीमतों में बढ़ोतरी के बाद भी..’

फाइनेंशियल ईयर 2026-27 की पहले क्वार्टर (तिमाही) में भारत की अर्थव्यवस्था में सकारात्मक उभार देखने को मिला है. भारत की जीडीपी ग्रोथ 7.8% पर दर्ज की गई है. अब इस पर पीएम नरेंद्र मोदी ने खुशी जाहिर की है. उन्होंने एक्स पर पोस्ट करते हुए इसे बड़ी उपलब्धि करार दिया है. देश की जीडीपी 7.8% के आंकड़े पर ग्रोथ को दर्ज किया गया है.
पीएम मोदी ने एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा, ‘वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही में भारत की 7.8 की शानदार जीडीपी ग्रोथ एक बहुत बड़ी उपलब्धि है. हमारे लोगों की सामूहिक ताकत ने यह सुनिश्चित किया कि दुनियाभर में अनिश्चितताओं के बीच तेल की कीमतों में उतार चढ़ाव और सप्लाई चेन की दिक्कतों के बावजूद भारत ने ऐसी ग्रोथ हासिल की है. निराशावादी गलत साबित हुए. भारत ने एक बार फिर कामयाबी की नई ऊंचाई छुई है.’
वित्तमंत्री बोलीं- शानदार प्रदर्शन का श्रेय भारत के लोगों-उनकी मेहनत को जाता है
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा, ‘वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही में वास्तविक जीडीपी में 7.8 प्रतिशत की वृद्धि का अनुमान है. वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही में नॉमिनल जीडीपी में 10.3 प्रतिशत की वृद्धि का अनुमान है, जबकि वास्तविक जीवीए में 8.2 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है. इस शानदार प्रदर्शन का श्रेय भारत के लोगों और उनकी कड़ी मेहनत को जाता है. एनडीए सरकार की तरफ से किए गए सुधार और अर्थव्यवस्था का कुशल प्रबंधन अच्छे परिणाम दे रहे हैं. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में एनडीए सरकार हमारे सभी नागरिकों के लिए आर्थिक अवसर बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है.’
भारत की आर्थिक दर में तेजी, सरकार ने दिए आंकड़े
सरकार ने 31 अगस्त को वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही के जीडीपी के आंकड़े जारी किए हैं. इनके मुताबिक, अप्रैल-जून तिमाही में नॉमिनल जीडीपी में 10.3 प्रतिशत की तेजी नजर आई है. सरकार के मुताबिक, दुनिया में जारी आर्थिक चुनौतियों के बावजूद भारतीय अर्थव्यवस्था ने डेवपलमेंट बनाए रखा हुआ है. वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही (अप्रैल से जून) में देश की असली GDP 7.8 प्रतिशत की दर से बढ़ी है.




