मनोरंजन

‘वो गोल्ड डिगर नहीं, मैं केप्ट बॉयफ्रेंड था’, सुष्मिता सेन को लेकर क्या बोले ललित मोदी, रिश्ते पर तोड़ी चुप्पी

नई दिल्ली. साल 2022 में एक इंस्टाग्राम पोस्ट ने ऐसा तूफान खड़ा किया था कि सोशल मीडिया से लेकर मनोरंजन जगत तक हर तरफ सिर्फ एक ही चर्चा थी सुष्मिता सेन और ललित मोदी. तस्वीरें सामने आईं, रिश्ते पर मुहर लगी और देखते ही देखते एक्ट्रेस को लेकर तरह-तरह की बातें होने लगीं. लेकिन अब, कई साल बाद ललित मोदी ने उस पूरे विवाद पर अपनी चुप्पी तोड़ी है और ऐसा बयान दिया है जिसने पुराने जख्मों और बहसों को फिर से ताजा कर दिया है.

‘वो गोल्ड डिगर नहीं थीं, मैं था केप्ट बॉयफ्रेंड’ ललित मोदी के इस एक वाक्य ने सबका ध्यान खींच लिया है. उन्होंने न सिर्फ सुष्मिता का खुलकर बचाव किया, बल्कि उनके व्यक्तित्व, आत्मनिर्भरता और अपने रिश्ते को लेकर भी कई दिलचस्प बातें साझा कीं. आखिर क्यों उन्हें लगा कि सुष्मिता को गलत समझा गया? और उस वायरल पोस्ट के पीछे की असली कहानी क्या थी? पूरी कहानी में कई ऐसे खुलासे हैं, जो आपको चौंका सकते हैं.

‘ह्यूमन्स ऑफ बॉम्बे’ को दिए एक बातचीत में ललित मोदी ने 2022 में सुष्मिता सेन के साथ अपने रिश्ते को लेकर उठे विवादों पर बात की और बताया कि असल में ‘केप्ट बॉयफ्रेंड’ की तरह वह खुद थे, न कि सुष्मिता.

उन्होंने आगे स्पष्ट शब्दों में कहा कि सुष्मिता कभी किसी से कुछ लेने वाली नहीं हैं. ललित ने मुस्कुराते हुए कहा- ‘जब लोग उन्हें गोल्ड डिगर कहते थे तो वो बिल्कुल गलत था. अगर कोई डिगर था तो वो मैं था डायमंड डिगर. वो सच में एक डायमंड हैं.’ ललित मोदी ने सुष्मिता को अपनी जिंदगी के सबसे खास लोगों में से एक बताया. ललित मोदी ने याद करते हुए कहा- ‘सुष्मिता मेरे लिए बहुत स्पेशल थीं. उन्होंने मुझे कई चीजों में ग्रो करने में मदद की. वो उस वक्त मेरी जिंदगी का बेहद महत्वपूर्ण हिस्सा थीं. ये एक बहुत खास रिलेशनशिप था. उन्होंने ये भी बताया किया ये रिश्ता आगे क्यों नहीं बढ़ा सका.

ललित मोदी ने कहा कि बाद में दोनों के बीच दूरी एक चुनौती बन गई, लेकिन मोदी का कहना है कि उनके मन में आज भी सुष्मिता के लिए सम्मान और स्नेह है. ललित मोदी ने सुष्मिता सेन की सिंगल मां के रूप में भी जमकर तारीफ की. उन्होंने कहा कि जिस तरह सुष्मिता ने अपनी बेटियों रेनी और अलीशा की परवरिश की है, वह काबिल-ए-तारीफ है. उन्होंने कहा कि वह आज भी सुष्मिता को अपनी करीबी दोस्त मानते हैं और उनके लिए हमेशा शुभकामनाएं रखते हैं.

ललित मोदी ने यह भी खुलासा किया कि उनकी वायरल इंस्टाग्राम पोस्ट जिसमें उन्होंने सुष्मिता के साथ अपने रिश्ते की घोषणा की थी, पूरी तरह से आकस्मिक थी और किसी रणनीति का हिस्सा नहीं थी. उन्होंने बताया, ‘मैंने यह पोस्ट उनके सामने ही की थी. उन्हें नहीं लगा था कि मैं वाकई इसे पोस्ट कर दूंगा. हम प्लेन में किसी बात पर बहस कर रहे थे और उन्होंने कहा, ‘तुम यह पोस्ट नहीं करने वाले.’ मैं हंसा और बटन दबा दिया.’

ललित ने आगे कहा पोस्ट करते ही जैसे आग लग गई. ‘जब हम लैंड हुए तो चारों तरफ हल्ला मच गया था. लेकिन इसमें गलत कुछ भी नहीं था. सुष्मिता ने कभी मुझे पोस्ट हटाने को नहीं कहा और मैंने भी ऐसा कभी सोचा नहीं. उन्होंने कहा कि इस घटना पर मुझे कोई पछतावा नहीं है. उन्होंने आगे कहा कि इस एक पोस्ट ने वाकई इंटरनेट तोड़ दिया. कुछ दिनों तक ऐसा लगा जैसे सब बस यही बात कर रहे हों. लेकिन हमारी एक खूबसूरत कहानी थी और मुझे उसके एक भी पल पर कोई अफसोस नहीं है.

ललित मोदी ने कहा कि चीजें एक कारण से होती हैं. उन्होंने जोर देकर कहा, ‘वह इंस्टाग्राम पोस्ट लिखित नहीं थी, यह बस हो गई. मुझे उन सब चीजों पर गर्व है जो मैंने कीं. अगर मैंने गलतियां कीं, तो मैंने उनसे सीखा.’ अपने बयानों से उन्होंने साफ कर दिया कि सुष्मिता सेन पर लगे ‘गोल्ड डिगर’ के आरोप पूरी तरह से निराधार थे और असल में उनके रिश्ते में सुष्मिता ही आर्थिक रूप से मजबूत पक्ष थीं.







Related Articles

Back to top button