खेल

आज अफगानिस्तान के खिलाफ भारत की नजर क्लीन स्वीप पर

एजेंसियां— चेन्नई, पहले दो मैच में धमाकेदार जीत से उत्साहित भारतीय टीम अफगानिस्तान के खिलाफ शनिवार को चेन्नई के एमए चिंदबरम स्टेडियम में होने वाले अंतिम एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच में क्लीन स्वीप करने के इरादे से मैदान पर उतरेगी, जिसमें केएल राहुल और यशस्वी जायसवाल के प्रदर्शन पर नजर रहेगी। राहुल की वनडे टीम में जगह को लेकर कभी कोई संदेह नहीं रहा है, लेकिन जायसवाल शीर्ष क्रम में कड़ी प्रतिस्पर्धा को देखते हुए अपनी जगह पक्की करने के लिए बड़ी पारी खेलना चाहेंगे। जायसवाल ने 2025 के बाद वनडे टीम में वापसी की है, लेकिन वह लखनऊ में अफगानिस्तान के खिलाफ दूसरे मैच में केवल चार रन ही बना पाए। किशन ने लखनऊ में शतक लगाकर अपनी स्थिति मजबूत कर ली है। कप्तान शुभमन गिल ने जायसवाल को जगह देने के लिए तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी की और शतक जड़ा। किशन और श्रेयस अय्यर क्रमश: चौथे और पांचवें नंबर पर बल्लेबाजी कर रहे हैं। ऐसी स्थिति में जायसवाल को सीमित अवसरों का पूरा फायदा उठाना होगा।

जायसवाल के लिए इस मैच में बड़ा स्कोर बनाना बेहद जरूरी है, क्योंकि इंग्लैंड दौरे के लिए भारत की वनडे टीम की घोषणा जल्द ही की जाएगी। इंडिया बनाम अफगानिस्तान का तीसरा वनडे मैच चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में खेला जाएगा। इस मुकाबले के लिए दोनों ही टीम पूरी तरह से तैयार है। मैच से पहले पिच की बात करें, तो एमए चिदंबरम स्टेडियम हमेशा से स्पिनर्स की मददगार रही है। हालांकि शुरुआत में कुछ ओवर तक तेज गेंदबाज भी विकेट निकाल लेते हैं, लेकिन वक्त के साथ ही यहां पर स्पिनर्स का दबदबा बन जाता है। वहीं, अगर मौसम की बात करें, तो शनिवार को चेन्नई का मौसम खराब रहने वाला है, जो मैच पर असर डाल सकता है।

अफगानिस्तान के खिलाफ खेलेेंगे हर्षित

मुंबई। तेज गेंदबाज हर्षित राणा को अफगानिस्तान के खिलाफ तीसरे वनडे के लिए टीम इंडिया में शामिल किया गया है। बीसीसीआई ने शुक्रवार को बताया कि राणा ने सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में रिहैबिटेशन पूरा कर लिया है। वह चेन्नई में भारतीय टीम से जुड़ गए हैं। चेन्नई के चेपॉक स्टेडियम में 20 जून को सीरीज का तीसरा और आखिरी वनडे मैच खेला जाएगा। हर्षित यह मैच खेल सकते हैं। उन्हें फिटनेस टेस्ट पास करने के बाद टीम में शामिल किया।

Related Articles

Back to top button