राष्ट्रीय

केदारनाथ धाम के खुले कपाट, हर-हर महादेव से गूंजा बाबा का धाम

रुद्रप्रयागः  केदारनाथ धाम का कपाट आज खुल गया. सुबह 8 बजे के बाद मंदिर के कपाट खोले गए. इससे पहले बहुत ही भव्य तरीके से मंदिर को सजाया गया. करीब 51 क्विंटल फूलों से धाम को सजाया गया है. कपाट के खुलने के दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी मौजूद रहे और उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम से पूजा भी की. केदार धाम में इस वक्त कड़क ठंड है, फिर भी हजारों की संख्या में श्रद्धालु पहुंचे हुए हैं. अब 22 अप्रैल से लेकर अगले 6 महीने तक केदारनाथ धाम के कपाट खुले रहेंगे.

PM मोदी ने किया ट्वीट
केदारनाथ धाम के कपाट खुलने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट किया. ट्वीट कर उन्होंने लिखा, ‘देवभूमि उत्तराखंड की पवित्र धरती पर आज श्री केदारनाथ धाम के कपाट पूरे विधि-विधान के साथ हम सभी श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए हैं. केदारनाथ धाम और चारधाम की यह यात्रा हमारी आस्था, एकता और समृद्ध परंपराओं का दिव्य उत्सव है. इन यात्राओं से हमें भारत की सनातन संस्कृति के दर्शन भी होते हैं. इस वर्ष चारधाम यात्रा के आरंभ उत्सव पर, उत्तराखंड आने वाले सभी श्रद्धालुओं के लिए मैंने एक पत्र के माध्यम से अपनी भावनाएं व्यक्त की हैं. मेरी कामना है कि बाबा केदार सभी पर अपनी कृपा बनाए रखें और आपकी यात्राओं को शुभ करें. हर-हर महादेव!’

केदारनाथ धाम में पूजा करने के बाद क्या बोले सीएम धामी
केदारनाथ धाम के कपाट खुलने के बाद सीएम धामी ने पूजा-अर्चना की. इस दौरान सीएम धामी ने श्रद्धालुओं से सफाई को लेकर अपील की. साथ ही उन्होंने चारधाम यात्रा की व्यवस्था को लेकर भी कहा कि हमने अच्छी व्यवस्था की है. लेकिन इसको बनाए रखना श्रद्धालुओं की भी जिम्मेदारी है.

केदारनाथ धाम में हेलिकॉप्टर से पुष्पवर्षा
केदारनाथ धाम के कपाट खुलने के बाद हेलिकॉप्टर से मंदिर के प्रांगण में पुष्पवर्षा की गई है. पुष्प वर्षा के लिए दो हेलिकॉप्टर तैनात किए गए थे. सीएम धामी की पूजा के बाद आमजन दर्शन करना शुरू करेंगे. बहुत ही सब्र के साथ भक्त अपनी बारी का इंतजार कर रहे हैं.

सीएम धामी ने पीएम मोदी के नाम से की पूजा
पूरे विधि विधान के साथ केदारनाथ धाम के कपाट खोले गए हैं. मंदिर के बाहर भारी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे हुए हैं. कपाट खुलने के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पीएम मोदी के नाम से पूजा की.

खुल गए केदारनाथ धाम के कपाट
बाबा केदार के धाम में भक्तों का जनसैलाब उमड़ा हुआ है. सीएम पुष्कर सिंह धामी की मौजूदगी में केदारनाथ धाम के कपाट खोले गए. इस दौरान पूरा माहौल भक्तिमय हो गया. हर-हर महादेव के उद्घोष से पूरी घाटी गूंज गई.

बाबा केदार की डोली का अद्भूत नजारा
बाबा केदार की डोली मंगलवार को पहुंची. इस दौरान हजारों की संख्या में लोग एकत्रित थे. सीएम पुष्कर सिंह धामी ने डोली के पहुंचने का वीडियो भी सोशल मीडिया पर शेयर किया है.

बाबा केदार की डोली मंदिर प्रांगण में पहुंची
उत्तराखंड के केदारनाथ धाम में मंगलवार को बाबा केदार की डोली मंदिर प्रांगण में पहुंची. बाबा केदार के दर्शनों के लिए हजारों श्रद्धालु उमड़े हुए हैं. 22 अप्रैल को केदारनाथ धाम के कपाट श्रद्धालुओं के लिए खुलेंगे. लेकिन उससे एक दिन पहले बाबा केदारनाथ की डोली कई पड़ाव के बाद धाम में पहुंची.

Related Articles

Back to top button