PM मोदी ने लांच किया पीएम स्वनिधि क्रेडिट कार्ड

एजेंसियां — तिरुवनंतपुरम,प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को केरल दौरे के दौरान पीएम स्वनिधि क्रेडिट कार्ड लांच किया। उन्होंने कहा कि इस कार्ड की लांचिंग के साथ गरीब कल्याण की एक बड़ी राष्ट्रीय पहल भी केरल से शुरू हुई है, जिससे देशभर के रेहड़ी-पटरी वालों और फुटपाथ पर काम करने वालों को लाभ मिलेगा। श्री मोदी ने कहा कि पीएम स्वनिधि योजना से पहले जहां स्ट्रीट वेंडर्स को छोटे ऋण के लिए भी ऊंची ब्याज दर चुकानी पड़ती थी, वहीं अब लाखों रेहड़ी-पटरी वालों को बैंकों से ऋण मिल रहा है। उन्होंने बताया कि पहली बार स्ट्रीट वेंडर्स को क्रेडिट कार्ड भी उपलब्ध कराए गए हैं। केरल में 10,000 से अधिक और तिरुवनंतपुरम में 600 से ज्यादा लाभार्थियों को स्वनिधि क्रेडिट कार्ड वितरित किए गए।
श्री मोदी ने यहां विभिन्न विकास परियोजनाओं का शिलान्यास, उद्घाटन और लोकार्पण किया और तीन अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह पहला मौका है जब केरल राज्य में कोई अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेन चली है। इसके साथ ही श्री मोदी ने त्रिशूर-गुरुवायुर यात्री ट्रेन को भी हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस ट्रेन के चलने से रोजमर्रा के कामों के लिए यात्रा करने वाले लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। उन्होंने बताया कि ये जो ट्रेन शुरू हुई हैं, वे केरल, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश और कर्नाटक को जोड़ेंगी और इन ट्रेनों के चलने से निम्न आय वर्ग के लोगों को काफी लाभ मिलेंगा।




