जेल की सजा मिलने के बाद राजपाल ने नहीं खोया हौसला, शेयर किया वीडियो, साथ दिखे अक्षय

नई दिल्ली. मशहूर कॉमेडियन राजपाल यादव इस समय मुश्किल दौर से गुजर रहे हैं, लेकिन उन्हें अच्छी तरह पता है कि खुद को पॉजिटिव कैसे रखना है. चेक बाउंस मामले में तीन महीने की जेल की सजा मिलने के बाद भी एक्टर ने हिम्मत नहीं हारी है. दिल्ली हाई कोर्ट ने उन्हें दोषी ठहराए जाने के फैसले को बरकरार रखा है और उनके रवैये को भी संदेहास्पद बताया है. इस कानूनी पचड़े और चौतरफा चल रही नकारात्मकता के बीच राजपाल यादव ने सोशल मीडिया पर पहला पोस्ट किया है.
राजपाल यादव ने इंस्टाग्राम हैंडल पर एक वीडियो शेयर किया है, जिसमें वह अक्षय कुमार के साथ नजर आ रहे हैं. यह वीडियो एक मसाला ब्रांड के विज्ञापन का है. इसमें अक्षय कुमार महिलाओं के एक ग्रुप के सामने लजीज खानों की थाली परोसते नजर आ रहे हैं, जिसे देखकर सब हैरान रह जाते हैं.
क्या है राजपाल यादव के वीडियो में?
महिलाओं को लगता है कि यह सारा खाना अक्षय ने ही बनाया है, इसलिए उनमें से एक महिला तो खुशी के मारे अक्षय का हाथ चूमने की इजाजत तक मांग लेती है. ट्विस्ट अगले ही पल आता है, जब एप्रन पहने राजपाल यादव की एंट्री होती है. तब अक्षय कुमार सबको बताते हैं कि यह सारा स्वाद अक्षय का नहीं, बल्कि राजपाल यादव के हाथों का है, जिन्होंने खास मसाले का इस्तेमाल करके खाना तैयार किया है.
राजपाल यादव के वकील भास्कर उपाध्याय ने कोर्ट के बाहर मीडिया से कहा, ‘जज साहब ने कहा है कि पहले कोर्ट में जमा की गई रकम को एक तरह से शून्य मान लिया गया है. हमने जो करीब 2.5 करोड़ रुपये जमा किए हैं, उन्हें अब पहले के 11 से 11.5 करोड़ रुपये के बकाया में एडजस्ट किया जाएगा. हम सबसे पहले इस फैसले का गहराई से अध्ययन करेंगे. कोर्ट के ऑर्डर की कॉपी देखने के बाद ही हम साफ तौर पर बता पाएंगे कि अदालत ने यह फैसला किस आधार पर दिया है.’




