दिल्ली

लुटेरी दुल्हन का कारनामा, सोशल मीडिया पर की दोस्ती, शादी के बाद 30 लाख के गहने लेकर हुई फरार

नई दिल्ली: इंस्टाग्राम पर दोस्ती के बाद एक युवक ने एक युवती से मंदिर में शादी कर ली। आरोप है कि वह युवक से मिले महंगे गिफ्ट और उसके पिता से करीब 30 लाख रुपये की जूलरी लेकर फरार हो गई। वसंत कुंज साउथ थाना पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।

पुलिस के मुताबिक, वसंत कुंज निवासी 31 वर्षीय युवक की मां का जनवरी 2026 में निधन हो गया था। अप्रैल में इंस्टाग्राम पर उसकी मुलाकात एक युवती से हुई। युवती ने खुद को बड़े हीरा और रियल एस्टेट कारोबारी परिवार की बेटी बताया। यह भी दावा किया कि उसने हॉन्गकॉन्ग के एक कॉलेज से पढ़ाई की है। आरोप है कि बातचीत के दौरान उसने अपनी आलीशान जिंदगी, महंगी गाड़ियों और विदेश यात्राओं का जिक्र कर युवक का भरोसा जीत लिया।

पूरे परिवार को झांसे में लिया

  • युवक ने 7 मई को उसे जयपुर बुलाया, लेकिन वह ब्यूटी ट्रीटमेंट के कारण चेहरे पर सूजन होने का बहाना बनाकर नहीं पहुंची। बाद में एक महिला ने खुद को युवती की मां बताते हुए फोन किया और उसकी तरफ से माफी मांगी।
  • 21 मई को युवती दिल्ली आई और एक होटल में रुकी। अगले दिन वह युवक के घर पहुंची, जहां उसने उसके पिता से मुलाकात की। इसके बाद वह युवक और उसके पिता के साथ हिमाचल के बद्दी स्थित फैक्ट्री भी गई। परिवार ने उसे महंगे गिफ्ट दिए। युवक के पिता ने पत्नी की 30 लाख रुपये की जूलरी भी उसे सौंप दी।

11 जून को रमेश नगर के आर्य समाज मंदिर में दोनों की शादी हो गई। कुछ दिन बाद एक बर्थडे पार्टी में एक महिला ने युवती को पहचान लिया। महिला ने बताया कि युवती पहले से शादीशुदा है। युवक ने जानकारी जुटाई तो पता चला कि युवती जूलरी और गिफ्ट लेकर जा चुकी है।

पहले की दो शादियों का भी खुलासा

पुलिस जाच में सामने आया कि युवती ने 2020 में जयपुर के लोकेन्द्र सिंह और 2023 में पुणे के विक्की थडानी से भी शादी की थी। आरोप है कि दोनों मामलों में भी उसने रुपये ऐठे थे। इनमे से एक मामले में शिकायत पहले से दर्ज है। पुलिस को आशंका है कि युवती किसी संगठित गैंग का हिस्सा हो सकती है। फिलहाल उसकी तलाश की जा रही है।

Related Articles

Back to top button