दिल्ली

IGI एयरपोर्ट का रनवे सितंबर तक बंद! कितनी फ्लाइटों पर पड़ेगा असर, क्‍यों लिया गया फैसला?

नई दिल्ली. आईजीआई एयरपोर्ट से यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए एक बड़ी खबर है. यहां के तीसरे रनवे से उड़ान भरने के लिए पैसेंजरों को अभी इंतजार करना होगा. इस रनवे की मरम्‍मत और मार्डन बनाने के काम के चलते इसे सितंबर तक बंद रखे जाने की संभावना है. पहले इसे जुलाई तक खोलने की तैयारी थी. यह रनवे फरवरी से बंद चल रहा है. रनवे की क्षमता बढ़ाने के लिए यह काम किया जा रहा है.

हिन्‍दुस्‍तान टाइम्‍स की रिपोर्ट के अनुसार इस दौरान रनवे को मजबूत बनाने के साथ-साथ कई महत्वपूर्ण बदलाव किए जा रहे हैं. इनमें रनवे के एक हिस्से का दोबारा से निर्माण किया जा रहा है, जिससे फ्लाइट्स की लैंडिंग के लिए उपलब्ध दूरी बढ़ाना और आधुनिक नेविगेशन सिस्टम स्थापित करना शामिल है. इन बदलाव के बाद एयरपोर्ट की क्षमता में लगभग 10 प्रतिशत तक वृद्धि होने की संभावना है.

जानकारी के अनुसार इन बदलावों से एयरपोर्ट हर घंटे करीब आठ अतिरिक्त उड़ानों का ऑपरेशन कर सकेगा. इससे भविष्य में बढ़ते एयर ट्रैफिक को मैनेज करने में मदद मिलेगी और यात्रियों को बेहतर सर्विस मिल सकेंगी. जानकारी के अनुसार एयरलाइंस द्वारा पश्चिम एशिया संकट के कारण कुछ उड़ानों में कटौती की गई है, जिसके चलते फिलहाल एयरपोर्ट पर सामान्य से कम ट्रैफिक है. इस वजह से सभी जरूरी कार्य एक साथ पूरे करने का निर्णय लिया गया है, जिससे बाद में फिर से रनवे बंद करने की आवश्यकता न पड़े.
दिल्ली एयरपोर्ट वर्तमान में प्रति घंटे 84 एयर ट्रैफिक मूवमेंट और प्रतिदिन करीब 1,500 उड़ानों को ऑपरेट करने की क्षमता है. मार्च से यहां उड़ानों की संख्या में लगभग 5 प्रतिशत की कमी देखी गई है,इसमें सभी डोमेस्टिक उड़ाने शामिल हैं.

अधिकारियों के अनुसार एक बार यह काम पूरा हो जाने के बाद रनवे अधिक सुरक्षित और माडर्न हो जाएगा. इससे विमानों की लैंडिंग और टेकऑफ और बेहतर होगा तथा भविष्य में ऑपरेशन संबंधी समस्‍याएं कम होंगी. हालांकि यात्रियों को फिलहाल सितंबर तक इस रनवे के बंद रहने का असर कुछ उड़ानों के शेड्यूल पर देखने को मिल सकता है.

Related Articles

Back to top button