राजस्थान के गढ़ में सेंध लगाने उतरेंगे सनराइजर्स

एजेंसियां— जयपुर,आईपीएल 2026 के 36वें मैच में सनराइजर्स हैदराबाद का सामना सवाई मानसिंह स्टेडियम में राजस्थान रॉयल्स से होगा। इस मैच में एक हाई-स्कोरग मुकाबला होने की पूरी संभावना है। इस मुकाबले में टूर्नामेंट की सबसे विस्फोटक बल्लेबाजी यूनिट का सामना एक ऐसी घरेलू टीम से होगा, जो अपने तेजी से आगे बढ़ रहे विरोधी को रोकना चाहती है और अपने अभियान पर फिर से पूरी तरह से नियंत्रण पाना चाहती है। दोनों टीमों में मैच जिताने वाले खिलाड़यिों की भरमार है, इसलिए इस मुकाबले में इस सीजन के सबसे ज्यादा चर्चित मैचों में से एक बनने की पूरी क्षमता है। हैदराबाद लगातार तीन मैच जीतकर जयपुर पहुंची है; धीमी शुरुआत के बाद उन्होंने अपनी लय वापस पा ली है।
उनकी वापसी का श्रेय उनकी आक्रामक बल्लेबाजी शैली को जाता है, जिसने हाल के मैचों में विरोधी टीमों की गेंदबाजी को पूरी तरह से पस्त कर दिया है। दूसरी ओर, राजस्थान का यह सी•ान कुल मिलाकर काफी अच्छा रहा है, लेकिन हाल के कुछ मैचों में उनकी फॉर्म में थोड़ी-बहुत अस्थिरता देखने को मिली है। इसके बावजूद, वे एक संतुलित टीम है और किसी भी विरोधी टीम को कड़ी चुनौती देने में सक्षम हैं।
अजेय पंजाब के सामने दिल्ली

दिल्ली कैपिटल्स को आईपीएल के अपने अभियान को फिर से पटरी पर लाने की तलाश है। इसके लिए शनिवार को उसे दिल्ली में होने वाले मुकाबले में तालिका में शीर्ष पर चल रही पंजाब किंग्स के खिलाफ अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना होगा। पिछले मैच में सनराइजर्स हैदराबाद से 47 रन से हार का सामना करने वाली दिल्ली के लिए वापसी की राह काफी चुनौतीपूर्ण होगी। इसके लिए उसके ज्यादातर खिलाडिय़ों को एक साथ अच्छा प्रदर्शन करना होगा। छह मैचों में तीन जीत और तीन हार के साथ दिल्ली फिलहाल अंकतालिका के छठे स्थान पर है, जबकि पंजाब किंग्स छह मुकाबलों में 11 अंकों के साथ शीर्ष पर काबिज है। उनका एकमात्र अंक तब गया था, जब कोलकाता में मैच बारिश के कारण रद्द हो गया था। दिल्ली की सबसे बड़ी समस्या उसकी बल्लेबाजी में अस्थिरता रही है।
केएल राहुल, डेविड मिलर, ट्रिस्टन स्टब्स और समीर रिजवी ने कुछ पारियों में योगदान दिया है, लेकिन पूरी टीम एक साथ प्रदर्शन करने में नाकाम रही है। कप्तान अक्षर पटेल से भी उम्मीद की जा रही है कि वह बल्ले और रणनीति दोनों में अधिक जिम्मेदारी निभाएं। वहीं, पंजाब किंग्स की टीम इस समय पूरी लय में नजर आ रही है। उन्होंने हाल ही में लखनऊ सुपर जॉयंट्स के खिलाफ इस सत्र का सबसे बड़ा स्कोर, सात विकेट पर 254 रन, बनाया। सलामी बल्लेबाज प्रभसिमरन सिंह ने 211 रन बनाकर शानदार फॉर्म दिखाया है और तेज शुरुआत दी है। कप्तान श्रेयस अय्यर भी 208 रन के साथ बेहतरीन लय में हैं। इसके अलावा प्रियांश आर्य और कूपर कोनोली ने भी क्रमश: 211 और 223 रन बनाकर टीम की बल्लेबाजी को गहराई और आक्रामकता दी है। गेंदबाजी में भी पंजाब संतुलित नजर आई है।




