अंतर्राष्ट्रीय

न्यूक्लियर डील पर बातचीत जारी, उधर ईरान की नई चाल, सैटेलाइट तस्वीरों ने बढ़ाई अमेरिका-इजरायल की टेंशन

अमेरिका और ईरान के बीच परमाणु मुद्दे पर बातचीत फिर शुरू होने की तैयारी है. राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि तेहरान ने वार्ता जारी रखने की इच्छा जताई है. लेकिन इसी बीच सैटेलाइट तस्वीरों में ईरान के कई परमाणु और मिसाइल ठिकानों पर नई गतिविधियां दिखाई दी हैं.

एक तरफ अमेरिका और ईरान फिर से न्यूक्लियर के मुद्दे पर बातचीत कर रहे हैं. दूसरी तरफ ईरान ने ऐसी चाल चलनी शुरू कर दी है, जिसने अमेरिका और इजरायल दोनों की टेंशन बढ़ा दी है. CNN की एक रिपोर्ट के मुताबिक, सैटेलाइट तस्वीरों में ईरान के कई परमाणु और मिसाइल ठिकानों पर नई हलचल दिखाई दी है. तस्वीरें इशारा करती हैं कि हालिया अमेरिकी और इजरायली हमलों के बाद ईरान अपने कुछ संवेदनशील ठिकानों को दोबारा तैयार करने में जुट गया है.

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शुक्रवार को कहा कि ईरान ने अमेरिका से बातचीत जारी रखने की इच्छा जताई है और वॉशिंगटन इसके लिए तैयार है. हालांकि ट्रंप ने यह भी साफ कर दिया कि दोनों देशों के बीच हुआ युद्धविराम अब खत्म हो चुका है. उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा, ‘ईरान ने हमसे बातचीत जारी रखने को कहा है. हमने सहमति दे दी है, लेकिन हमने साफ शब्दों में बता दिया है कि सीजफायर अब खत्म हो चुका है.’ यानी एक तरफ बातचीत की तैयारी है, तो दूसरी तरफ तनाव भी बरकरार है.

सैटेलाइट तस्वीरों में क्या दिखा?

CNN की विजुअल जांच के मुताबिक, जून के आखिर और जुलाई की शुरुआत में ली गई सैटेलाइट तस्वीरों में कई संवेदनशील ठिकानों पर गतिविधियां दिखाई दी हैं. सबसे ज्यादा हलचल पारचिन सैन्य परिसर के तालेघान-2 इलाके में नजर आई. एक्सपर्ट्स का मानना है कि अतीत में यहां परमाणु हथियारों से जुड़े कार्यक्रमों का सामान रखा जाता था. 22 जून और 7 जुलाई की तस्वीरों की तुलना करने पर पता चला कि जिन हिस्सों को अमेरिकी और इजरायली हमलों में नुकसान पहुंचा था, वहां मरम्मत और पुनर्निर्माण का काम शुरू हो गया है.

Related Articles

Back to top button