अन्य खबरें

तेज बारिश में बच्चों की ढाल बनी शिक्षिका, खुद भीगती रहीं लेकिन छात्रों पर नहीं आने दी आंच

शिक्षक सिर्फ किताबों का ज्ञान ही नहीं देते, बल्कि कई बार अपने छात्रों के लिए अभिभावक की भूमिका भी निभाते हैं. स्कूल में बच्चे अपने दिन का बड़ा हिस्सा शिक्षकों के साथ बिताते हैं और ऐसे में उनकी सुरक्षा की जिम्मेदारी भी शिक्षक पूरी ईमानदारी से निभाते हैं. मुश्किल समय आने पर एक अच्छा शिक्षक सबसे पहले अपने छात्रों के बारे में सोचता है. सोशल मीडिया पर इन दिनों ऐसा ही एक भावुक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसने लाखों लोगों का दिल छू लिया है. इस वीडियो में एक शिक्षिका मूसलाधार बारिश के बीच खुद भीगती रहती हैं, लेकिन अपने छात्रों को सुरक्षित रखने के लिए हर संभव कोशिश करती नजर आती हैं.

वायरल हो रहा वीडियो नेपाल के कपिलवस्तु जिले के श्री रामशरण बेसिक स्कूल का बताया जा रहा है. अचानक हुई तेज बारिश के कारण स्कूल की कक्षा में पानी आने लगा. देखते ही देखते छत से पानी टपकने लगा और पूरी कक्षा में छींटे पड़ने लगे. बारिश इतनी तेज थी कि बच्चे घबरा गए. ऐसे हालात में शिक्षिका ने बिना समय गंवाए सभी बच्चों को डेस्क के नीचे बैठने के लिए कहा, ताकि वे बारिश के पानी से बच सकें.

खुद भीगती रहीं, बच्चों को रखती रहीं सुरक्षित
वीडियो में देखा जा सकता है कि शिक्षिका बच्चों की सुरक्षा के लिए लगातार कोशिश करती रहती हैं. वह कभी चटाई से बच्चों को ढकती हैं तो कभी टेबल को इस तरह पकड़कर खड़ी रहती हैं कि बारिश का पानी सीधे बच्चों पर न गिरे. इस दौरान वह खुद पूरी तरह भीग जाती हैं, लेकिन उन्हें इसकी बिल्कुल परवाह नहीं होती. उनका पूरा ध्यान सिर्फ इस बात पर रहता है कि किसी भी बच्चे को चोट न पहुंचे और वे सुरक्षित रहें. शिक्षिका का यही समर्पण इस वीडियो को बेहद ही खास बना देता है.

Related Articles

Back to top button