दिल्ली-NCR में मौसम ने ली करवट, भीषण गर्मी के बीच बारिश ने दी राहत, छाए काले बादल

दिल्ली-एनसीआर को पिछले कुछ दिनों से जारी भीषण गर्मी के बीच आज बुधवार (29 अप्रैल) को राहत मिली है. सुबह से ही मौसम सुहावना है. तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश ने यहां की सुबह को आनंदमय बना दिया है. भारतीय मौसम विभाग (IMD) का अनुमान है कि आज दिनभर बादल छाए रह सकते हैं और हल्की बारिश सुबह से लेकर शाम तक में रुक-रुक कर देखने को मिल सकती है.
राजस्थान, हरियाणा और पंजाब के ऊपर बने एक चक्रवाती सर्कुलेशन के कारण दिल्ली-एनसीआर में धूल भरी आंधी चल सकती है, जो राजस्थान के रेगिस्तान से होते हुए दिल्ली की ओर आ सकती है.
कैसा रहेगा आज दिल्ली का तापमान?
IMD के अनुसार, दिल्ली का न्यूनतम तापमान 25 से 27 डिग्री सेल्सियस के बीच और अधिकतम तापमान 39 से 41 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है. इस दौरान हवा की गति 30 से 40 किमी/घंटा रहने का अनुमान है. धूल भरी आंधी की स्थिति में हवा की गति 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार तक जा सकती है.
मौसम विभाग ने नॉर्थ वेस्ट, वेस्ट, नॉर्थ, साउथ और साउथ ईस्ट दिल्ली के कुछ हिस्सों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है. येलो अलर्ट का मतलब है कि आज गरज के साथ बारिश होने और तेज हवाओं के चलने की संभावना है.
मौसम विभाग का कहना है कि मौसम में यह बदलाव पश्चिमी विक्षोभ के कारण आया है. पश्चिमी विक्षोभ के कारण पंजाब, हरियाणा, दिल्ली-NCR, राजस्थान धूल भरी आंधी, बिजली चमकने और हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. इस वजह से मौसम विभाग का अनुमान है कि दिल्ली-एनसीआर में अगले 3 दिनों में अधिकतम तापमान में 3-4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आएगी और उसके बाद लगभग 2-3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी होगी. 29 अप्रैल से 4 मई 2026 के दौरान अधिकतम तापमान सामान्य से कम रहने की संभावना है. हालांकि, मौसम का यह उतार-चढ़ाव स्वास्थ्य पर असर डाल सकता है इसलिए लोगों को सावधान रहने की सलाह दी गई है.




