अमेरिका छोड़ भारत इलाज कराने आई महिला, हॉस्पिटल में ऐसा क्या देख लिया? बोली- यही बस जाऊं

आप किसी अस्पताल के अंदर कदम रखें और वहां आपको स्टारबक्स की ताजा कॉफी और 7-Eleven का चमचमाता स्टोर मिल जाए. आप भी एक पल के लिए चकरा जाएंगे ना? बिल्कुल ऐसा ही हुआ अमेरिका से भारत आईं लिज के साथ.
लिज एक अमेरिकन कंटेंट क्रिएटर हैं. जब वो भारत के एक प्राइवेट अस्पताल में पहुंचीं, तो उनकी आंखें फटी की फटी रह गईं. उन्होंने अपना एक वीडियो शेयर किया है, जिसने इंटरनेट पर तहलका मचा दिया है. वीडियो में लिज बेहद हैरानी से कहती हैं, “वाओ इंडिया! मैं एक अस्पताल के अंदर खड़ी हूं और मेरे पास शब्द ही नहीं हैं. ये तो बिल्कुल किसी फाइव-स्टार होटल जैसा लग रहा है. यहां अंदर एक स्टारबक्स और 7-Eleven भी है.”
किस बात से इम्प्रेस हुई अमेरिकी महिला?
लेकिन कहानी सिर्फ इस चकाचौंध की नहीं है. लिज को जिस बात ने सबसे ज्यादा इम्प्रेस किया, वो थी हमारे यहां इलाज की रफ्तार. जरा सोचिए, अमेरिका जैसे सुपरपावर देश में एक नए मरीज को डॉक्टर का अपॉइंटमेंट लेने के लिए औसतन 31 दिन (यानी पूरा एक महीना) इंतजार करना पड़ता है. वहीं लिज को भारत में सिर्फ दो दिन में अपॉइंटमेंट मिल गया, बिना किसी परेशानी और धक्के के.




