चाय में चीनी नहीं, मक्खियों का तड़का!, वायरल वीडियो ने मचाई सनसनी

भारत में चाय का क्रेज किसी से छिपा नहीं है. यहां कई लोगों की सुबह आंख खुलने से पहले नहीं, बल्कि चाय की पहली चुस्की के बाद होती है. कुछ लोग तो मजाक में कहते हैं कि अगर दिन में दो-तीन बार चाय न मिले तो उनका “सिस्टम अपडेट” ही नहीं होता. ऑफिस की मीटिंग हो, दोस्तों की गपशप, सफर की थकान हो या बारिश का मौसम, हर मौके पर सबसे पहले चाय का ही नाम आता है. यही वजह है कि देशभर में सड़क किनारे चाय के ठेले और छोटी-बड़ी दुकानें हमेशा ग्राहकों से गुलजार रहती हैं. सोशल मीडिया पर भी चाय से जुड़े वीडियो अक्सर वायरल होते रहते हैं. कभी कोई अनोखे अंदाज में चाय बनाकर लोगों को हैरान कर देता है तो कभी किसी चाय प्रेमी की कहानी लोगों का दिल जीत लेती है. लेकिन इस बार वायरल हुआ वीडियो लोगों को मुस्कुराने से ज्यादा हैरान कर रहा है.
दरअसल, वायरल हो रहे इस वीडियो में एक व्यक्ति सड़क किनारे चाय बनाता हुआ दिखाई देता है. उसके पास चीनी से भरी एक प्लेट रखी होती है. हैरानी की बात यह है कि उस प्लेट में रखी चीनी पर बड़ी संख्या में मक्खियां बैठी हुई नजर आती हैं. वीडियो में साफ दिखाई देता है कि व्यक्ति मक्खियों से ढकी उसी चीनी को चम्मच से उठाकर गिलास में डाल देता है. इसके बाद वह केतली से गर्म चाय डालता है और चम्मच से उसे अच्छी तरह मिलाकर तैयार कर देता है. सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि यह सब वहां खड़े लोगों के सामने ही हो रहा होता है, लेकिन वीडियो में कोई भी उसे रोकता या टोकता दिखाई नहीं देता. वहीं उसके पास एक अन्य व्यक्ति भी आराम से बैठा नजर आता है. कुछ ही सेकंड बाद वीडियो खत्म हो जाता है.
वीडियो देखकर हैरान रह गए लोग
इस वीडियो को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर @Murti_Nain नाम के अकाउंट से शेयर किया गया है. शेयर होते ही यह वीडियो तेजी से वायरल हो गया। हजारों लोग इसे देख चुके हैं और लगातार अपनी-अपनी प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं. कई यूजर्स ने चाय बनाने के इस तरीके पर सवाल उठाते हुए साफ-सफाई को लेकर चिंता जताई. वहीं, कुछ लोगों ने मजाकिया अंदाज में कमेंट किए, जिससे कमेंट सेक्शन में हंसी-मजाक का माहौल भी देखने को मिला. एक यूजर ने लिखा- “मस्त चाय है.” वहीं दूसरे यूजर ने बड़े ही मजाकिया अंदाज में लिखा- “मसाला नहीं, मक्खी चाय है ये तो.” एक अन्य यूजर ने लिखा- “इसे पीना तो छोड़ो में देख भी नहीं सकता” वहीं किसी ने एक यूजर ने लिखा- “पाप लगेगा चाय वाले को.” इस पर दूसरे यूजर ने हंसते हुए जवाब दिया- “पीने वालों को कुछ और लगेगा.” वीडियो पर लगातार ऐसे ही मजेदार और हैरान करने वाले कमेंट्स देखने को मिल रहे हैं. कुछ लोग इसे लापरवाही का उदाहरण बता रहे हैं, जबकि कई यूजर्स इसे देखकर सड़क किनारे मिलने वाली चाय की साफ-सफाई पर सवाल उठा रहे हैं.




