छत्तीसगढ़ में सभी भवनों का होगा सेफ्टी ऑडिट: डिप्टी सीएम

रायपुर। दिल्ली और राजस्थान के कोटा में कोचिंग सेंटरों में हुई आगजनी की घटनाओं के बाद छत्तीसगढ़ सरकार ने राज्यभर में भवनों की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करने का बड़ा फैसला लिया है। उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव ने सभी नगरीय निकायों को भवनों का सेफ्टी ऑडिट कराने के निर्देश दिए हैं।
अरुण साव ने कहा कि राज्य के सभी नगर निगम आयुक्तों को पत्र जारी कर निर्देशित किया गया है कि उनके क्षेत्र के भवनों का निर्धारित सुरक्षा मानकों के आधार पर ऑडिट कराया जाए। इसके लिए संबंधित अधिकारियों की टीम गठित कर कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया है। उन्होंने बताया कि ऑडिट के दौरान यह जांच की जाएगी कि भवनों में अग्निशमन, आपातकालीन निकासी, विद्युत सुरक्षा और अन्य आवश्यक सुरक्षा मानकों का पालन हो रहा है या नहीं। जहां भी खामियां मिलेंगी, वहां नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
डिप्टी सीएम ने सभी निकायों से मांगी रिपोर्ट
उप मुख्यमंत्री साव ने कहा कि सभी निकायों से कार्रवाई पूरी होने के बाद विस्तृत रिपोर्ट भी मांगी गई है, ताकि पूरे राज्य में भवनों की सुरक्षा व्यवस्था का आकलन किया जा सके और जरूरत पड़ने पर आगे की कार्रवाई की जा सके। गौरतलब है कि हाल ही में दिल्ली और कोटा में कोचिंग सेंटरों में हुई आगजनी की घटनाओं में कई लोगों की मौत हुई थी। इन हादसों के बाद सार्वजनिक भवनों की सुरक्षा को लेकर देशभर में चिंता बढ़ी है। इसी के मद्देनजर छत्तीसगढ़ सरकार ने राज्यभर में सेफ्टी ऑडिट कराने का निर्णय लिया है।




