खेल

Women’s Premier League: WPL का आगाज़ आज से, पहले मैच में MI का सामना RCB से

एजेंसियां— मुंबई

महिला प्रीमियर लीग 2026 की शुरुआत शुक्रवार से हो रही है। टूर्नामेंट के पहले मैच में दो बार की विजेता हरमनप्रीत कौर की अगवाई वाली मुंबई इंडियंस का सामना डब्ल्यूपीएल में एकमात्र खिताब जीतने वाली टीम रॉयल चैलेंजर्स बंगलुरु से होगा, जिसकी कमान स्टार बल्लेबाज स्मृति मंधाना संभाल रही हैं। चौथी डब्ल्यूपीएल का आयोजन दो चरणों में नवी मुंबई और वडोदरा में किया जाएगा। इससे खिलाडिय़ों को जून-जुलाई में इंग्लैंड में होने वाले टी20 विश्व कप के लिए अपनी तैयारियों को परखने का भी मौका मिलेगा। कागजों पर देखा जाए तो मुंबई इंडियंस की टीम काफी मजबूत नजर आती है। उसके पास भारतीय कप्तान हरमनप्रीत के अलावा इंग्लैंड की कप्तान नैट साइवर ब्रंट और वेस्टइंडीज की कप्तान हेली मैथ्यूज जैसी अनुभवी खिलाड़ी भी हैं। मुंबई ने अपने अधिकतर खिलाडिय़ों को टीम में बनाए रखा है और किसी भी टीम के लिए उसे हराना एक चुनौती होगी।

न्यूजीलैंड की अमेलिया केर, ऑस्ट्रेलिया की मिली इलिंगवर्थ और भारत की भरोसेमंद अमनजोत कौर की मौजूदगी से उसकी बल्लेबाजी अधिक मजबूत हो गई है। शबनिम इस्माइल मुंबई के गेंदबाजी आक्रमण की अगवाई करेंगी, जिसमें साइका इशाक भी शामिल हैं। आरसीबी की बात करें तो उसके पास मंधाना के अलावा एलिस पेरी जैसी मंझी हुई खिलाड़ी है। ऑस्ट्रेलिया की बल्लेबाज जॉर्जिया वोल, ऑलराउंडर ग्रेस हैरिस और अफ्रीका की ऑलराउंडर नादिन डी क्लर्क बल्लेबाजी की जिम्मेदारी संभालेंगी। आरसीबी के पास ऋचा घोष के रूप में अदद विकेटकीपर और फिनिशर है। भारत की अरुंधति रेड्डी, पूजा वस्त्रकार और इंग्लैंड की लॉरेन बेल आरसीबी की प्रमुख तेज गेंदबाजों में शामिल हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button