कृष्णा के पंजे के बाद आया यशस्वी-रोहित का तूफान, तीसरा वनडे जीतकर भारत ने अफगानिस्तान का सूपड़ा किया साफ

नई दिल्ली। प्रसिद्ध कृष्णा के पंजे के बाद रोहित शर्मा और यशस्वी जायसवाल की तूफानी पारी के दम पर भारत ने अफगानिस्तान को तीसरे वनडे मैच में हरा दिया है। इसी के साथ अफगानिस्तान का भारत ने वनडे सीरीज में सूपड़ा साफ कर दिया है। भारत और अफगानिस्तान के बीच ये पहली द्विपक्षीय वनडे सीरीज है, जिसे टीम इंडिया ने 3-0 से अपने नाम कर लिया है।
अफगानी टीम ने कप्तान हशमतुल्लाह शाहिदी के शतक के दम पर 218 रन बनाए थे। शुभमन गिल की कप्तानी वाली टीम की तरफ से तेज गेंदबाज प्रसिद्ध कृष्णा ने कमाल की गेंदबाजी की। उन्होंने 5 विकेट अपने नाम किया, जिसकी वजह से अफगानी टीम बड़ा स्कोर नहीं बना सकी। भारत के लिए यशस्वी जायसवाल ने शतक लगाया और टीम इंडिया ने मुकाबले को 9 विकेट से अपने नाम कर लिया।
प्रसिद्ध ने मेहमान टीम के शीर्ष क्रम को किया ध्वस्त
अफगानिस्तान ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया जिसके बाद प्रसिद्ध ने अपनी शानदार गेंदबाजी से मेहमान टीम के शीर्ष क्रम को ध्वस्त किया। उन्होंने फुलर लेंथ पर गेंद डालकर बल्लेबाजों को ड्राइव खेलने के लिए ललचाया। रहमानुल्लाह गुरबाज (5), इब्राहिम जादरान (11) और रहमत शाह (5) तीनों ने ही प्रसिद्ध की आफ स्टंप के बाहर की गेंदों पर ड्राइव खेलने की कोशिश की और पहली स्लिप में खड़े रोहित शर्मा को आसान कैच थमा बैठे।
दारविश रसूली (01) भी इस तेज गेंदबाज की गेंद को पुल करने की कोशिश में गेंद को हवा में लहरा बैठे और श्रेयस अय्यर ने मिड ऑफ से दौड़कर शानदार कैच लपका। इससे प्रसिद्ध को शुरुआती 10 ओवर के अंदर ही अपना चौथा विकेट मिल गया। कर्नाटक के इस तेज गेंदबाज ने जसप्रीत बुमराह, जवागल श्रीनाथ और मोहम्मद सिराज जैसे तेज गेंदबाजों की उस खास सूची में भी जगह बना ली जिन्होंने यह कारनामा किया है।
शाहिदी और उमरजई ने किया डटकर सामना
अफगानिस्तान पर 36 रन पर चार विकेट गंवाने के बाद जल्दी सिमटने का खतरा मंडराने लगा था लेकिन शाहिदी और उमरजई ने भारतीय गेंदबाजों का डटकर सामना किया और टीम को संकट से बाहर निकाला। शाहिदी ने पारी को संभालने की भूमिका बखूबी निभाई। उन्होंने रन बनाने के लिए अक्सर लेट कट खेला और खाली क्षेत्रों में शॉट खेलने में सफल रहे। शाहिदी ने 64 गेंद में अर्धशतक पूरा किया। उमरजई ने अधिक आक्रामक रुख अपनाया। उन्होंने 55 गेंद में अर्धशतक जड़ा।
उन्होंने बाएं हाथ के स्पिनर हर्ष दुबे और ऑफ स्पिनर वॉशिंगटन सुंदर पर छक्के भी जड़े। हालांकि उमरजाई प्रिंस यादव की गेंद को पुल करने की कोशिश में लांग लेग पर खड़े प्रसिद्ध को कैच दे बैठे। तेज गर्मी के कारण 80 रन तक पहुंचने के बाद शाहिदी को पैर में जकड़न की समस्या ने जूझना पड़ा लेकिन वह क्रीज पर डटे रहे। उन्होंने वॉशिंगटन की गेंद पर लेट कट से चौका जड़कर 128 गेंद में अपना पहला वनडे शतक पूरा किया।
अफगानिस्तान ने बनाए 218 रन
नबी के आउट होने के बाद दूसरे छोर पर तेजी से विकेट गिरने लगे। शाहिदी ने दर्द के बावजूद अफगानिस्तान का स्कोर 200 रन के पार पहुंचाया। शाहिदी 45वें ओवर में प्रसिद्ध का पांचवां शिकार बने जबकि उन्होंने डीप मिडविकेट पर अय्यर को कैच थमाया। पारी के 39वें ओवर की आखिरी गेंद पर शाहिदी के पिच के खतरनाक हिस्से पर दौड़ने की वजह से अफगानिस्तान पर पांच रन की पेनाल्टी लगाई गई। अफगानी टीम ने शाहिदी के शतक के दम पर 218 रनों का स्कोर खड़ा किया और भारत को 219 रनों का लक्ष्य दिया।
यशस्वी जायसवाल और रोहित शर्मा की ताबड़तोड़ शुरुआत
भारत के लिए सलामी बल्लेबाज के रूप में रोहित शर्मा और यशस्वी जायसवाल पारी की शुरुआत करने के लिए उतरे। दोनों ने ताबड़तोड़ शुरुआत की। रोहित को एक बार जीवनदान भी मिला। रोहित का कैच छूटने के बाद उन्होंने किसी को मौका नहीं दिया और बेहतरीन बल्लेबाजी की। जायसवाल ने भी खूब साथ निभाया और 38 गेंदों पर अर्धशतक ठोक दिया। यशस्वी के बाद रोहित ने 47 गेंदों पर अर्धशतक लगाया। दोनों ने शतकीय साझेदारी कर डाली।
रोहित और जायसवाल जिस तरह से खेल रहे थे, ऐसा लग रहा था वे दोनों ही मैच को समाप्त कर देंगे। हालांकि, मोहम्मद नबी ने ऐसा नहीं होने दिया। रोहित नबी की एक गेंद को पुल शॉट खेलने के चक्कर में आउट हो गए और भारत ने पहला विकेट गंवा दिया। रोहित ने 69 गेंदों पर 79 रन बनाकर आउट हुए। इसी के साथ उनकी और जायसवाल की 170 रनों की साझेदारी टूट गई।
यशस्वी जायसवाल ने लगाया शतक
रोहित के आउट होने के बाद जायसवाल क्रीज पर डटे रहे और उन्होंने शतक लगाया। जायसवाल की वनडे में ये दूसरी सेंचुरी है। उन्होंने मुकाबले में 86 गेंदों पर नाबाद 110 रन बनाए। इस दौरान उनके बल्ले से 14 चौके और 3 छक्के निकले। श्रेयस अय्यर भी 19 गेंदों पर 20 रन बनाकर नाबाद रहे और इसी के साथ टीम इंडिया ने मुकाबले में 9 विकेट से जीत हासिल की।




