अकाली-भाजपा गठबंधन और राष्ट्रीय एकीकरण की अनिवार्यता

श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व के शुभ अवसर पर शिरोमणि अकाली दल और भारतीय जनता पार्टी का पुनर्मिलन आगामी पंजाब विधानसभा चुनावों के चुनावी अंकगणित से कहीं अधिक व्यापक दृष्टिकोण से देखे जाने योग्य है। इसका महत्व पंजाब की भौगोलिक सीमाओं से परे है और राष्ट्रीय एकीकरण, हिंदू-सिख भाईचारे, उदारवादी सिख राजनीतिक नेतृत्व के संरक्षण तथा वैश्विक सिख प्रवासी समुदाय के साथ भारत के जुड़ाव तक फैला हुआ है।
पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल अक्सर हिंदू-सिख संबंधों को ‘नौ-मांस दा रिश्ता’ अर्थात नाखून और मांस के बीच का अटूट संबंध बताते थे। यह संबंध किसी राजनीतिक अवसरवाद की उपज नहीं है, बल्कि सदियों के सांझा इतिहास, बलिदानों और सांस्कृतिक आत्मीयता से निर्मित एक सभ्यतागत विरासत है। ऐसी राजनीतिक व्यवस्थाएं, जो पारस्परिक सामंजस्य और विशिष्ट धार्मिक पहचानों के प्रति सम्मान को प्रोत्साहित करती हैं, भारत के भीतर और विदेशों में इस संबंध को संरक्षित रखने में योगदान दे सकती हैं।
अकाली-भाजपा सांझेदारी के महत्व को पंजाब के समक्ष उपस्थित बदलती राजनीतिक और भू-राजनीतिक परिस्थितियों के संदर्भ में भी समझा जाना चाहिए। उदारवादी, लोकतांत्रिक और संवैधानिक रूप से उन्मुख सिख राजनीतिक नेतृत्व का अस्तित्व राष्ट्रीय महत्व का विषय है। शिरोमणि अकाली दल ने ऐतिहासिक रूप से भारत के संवैधानिक ढांचे के भीतर सिख राजनीतिक आकांक्षाओं और पंजाब की क्षेत्रीय चिंताओं को व्यक्त करने के लिए एक संस्थागत मंच प्रदान किया है। इसलिए, इसकी प्रासंगिकता को केवल पंजाब विधानसभा में इसके चुनावी प्रदर्शन या संख्याबल से नहीं आंका जा सकता।
मुख्यधारा की क्षेत्रीय राजनीतिक संस्थाओं के कमजोर होने से एक ऐसा राजनीतिक शून्य उत्पन्न होने का खतरा रहता है, जिसका लाभ चरमपंथी विचारधाराओं की वकालत करने वाले संगठन उठा सकते हैं। यह अनिवार्य है कि सिख युवा लोकतांत्रिक राजनीति में सार्थक रूप से जुड़े रहें और उनके पास ऐसे विश्वसनीय संस्थागत माध्यम हों, जिनके द्वारा उनकी आकांक्षाओं और शिकायतों को अभिव्यक्ति मिल सके। राजनीतिक अलगाव को केवल पुलिस और खुफिया तंत्रों के माध्यम से दूर नहीं किया जा सकता, इसके लिए राजनीतिक जुड़ाव, आॢथक अवसर और राष्ट्रीय मुख्यधारा में भागीदारी की भावना की आवश्यकता होती है। पिछले एक दशक में, बड़ी संख्या में पंजाबी युवा स्थायी निवास और आर्थिक समृद्धि की आकांक्षाओं के साथ पश्चिमी देशों, विशेषकर कनाडा गए हैं। पश्चिमी देशों द्वारा अपनी आव्रजन नीतियों को सख्त करने और स्थायी निवास के मार्गों को सीमित करने के साथ, पंजाब को इन युवाओं की एक बड़ी संख्या के अधूरी आकांक्षाओं और वित्तीय देनदारियों के साथ घर लौटने की संभावना के लिए तैयार रहना चाहिए।
विदेशों में पंजाबी युवाओं के एक वर्ग के कट्टरपंथी राजनीतिक विमर्शों के संपर्क में आने को लेकर भी चिंताएं हैं। प्रवासी समुदाय या लौटने वाले प्रवासियों के बारे में सामान्यीकरण किए बिना, इस प्रकार के संपर्क की सीमा का वस्तुनिष्ठ आकलन किया जाना चाहिए। नि:संदेह, लौटने वाले कई युवा मूल्यवान व्यावसायिक योग्यताएं, अंतर्राष्ट्रीय अनुभव और उद्यमशीलता की क्षमताएं साथ लाएंगे, जिनका उपयोग पंजाब अपने आॢथक रूपांतरण के लिए कर सकता है।हालांकि, वित्तीय ऋणग्रस्तता, बेरोजगारी, राजनीतिक अलगाव और निरंतर बनी हुई कानून-व्यवस्था की चुनौतियों का संगम ऐसी परिस्थितियां पैदा कर सकता है, जिनका आपराधिक और चरमपंथी नैटवर्क द्वारा शोषण किए जाने की आशंका रहती है।
चकनाचूर आर्थिक आकांक्षाओं के साथ एक ऐसे राज्य में लौटने वाली पीढ़ी, जो पर्याप्त रोजगार और राजनीतिक जुड़ाव प्रदान करने में असमर्थ हो, शासन के लिए एक विकट चुनौती पेश कर सकती है। इसी संदर्भ में, एक संवेदनशील सीमावर्ती राज्य होने के नाते, पंजाब को केवल एक अन्य चुनावी रणभूमि के रूप में नहीं देखा जा सकता। इसकी आॢथक समृद्धि, सांप्रदायिक सद्भाव और राजनीतिक स्थिरता का भारत की राष्ट्रीय सुरक्षा पर सीधा प्रभाव पड़ता है। केंद्र सरकार का समर्थन प्राप्त एक स्थिर अकाली-भाजपा सरकार के पक्ष में दिया जाने वाला तर्क चंडीगढ़ और नई दिल्ली के बीच घनिष्ठ समन्वय की संभावना पर आधारित है। पंजाब को पर्याप्त औद्योगिक निवेश, अपने एम.एस.एम.ई. क्षेत्र के पुनरुद्धार, कृषि विविधीकरण, राजकोषीय पुनर्गठन और अपने सीमावर्ती जिलों के लिए विशेष आॢथक पहलों की आवश्यकता है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की आगामी कनाडा यात्रा के आलोक में, अकाली-भाजपा पुनर्मिलन का समय एक अतिरिक्त कूटनीतिक महत्व रखता है। भारत और कनाडा के बीच लंबे समय तक चली कूटनीतिक उथल-पुथल के बाद, द्विपक्षीय संबंधों की बहाली के लिए न केवल सरकार से सरकार स्तर पर जुड़ाव की आवश्यकता है, बल्कि लोगों से लोगों के बीच संबंधों पर भी नए सिरे से जोर देने की जरूरत है। सिख प्रवासी समुदाय दोनों देशों के बीच एक महत्वपूर्ण सेतु का कार्य करता है। ऐतिहासिक रूप से सिख जड़ों वाले एक क्षेत्रीय दल के साथ भाजपा की राजनीतिक सांझेदारी की बहाली प्रवासी सिखों के बीच प्रतीकात्मक महत्व रख सकती है, जो यह दर्शाती है कि भारत के राष्ट्रीय राजनीतिक विमर्श में सिख राजनीतिक आकांक्षाओं और क्षेत्रीय चिंताओं का एक संस्थागत स्थान है।
मोदी सरकार ने इससे पहले भी लंबे समय से चली आ रही सिख चिंताओं को संबोधित करने के लिए कई पहलें की हैं। करतारपुर साहिब कॉरिडोर का खुलना, गुरु नानक देव जी के 550वें प्रकाश पर्व का स्मरणोत्सव, कई प्रवासी सिखों के नाम सरकारी काली सूची से हटाया जाना, वीर बाल दिवस का पालन और 1984 की सिख विरोधी हिंसा से जुड़े कुछ मामलों में नए सिरे से कानूनी कार्रवाई आगे के जुड़ाव और सुलह के लिए एक ऐतिहासिक पृष्ठभूमि प्रदान करती है। एक लंबित मुद्दा जो सिख राजनीतिक विमर्श में महत्वपूर्ण स्थान बनाए हुए है, वह लंबे समय से जेल में बंद सिख कैदियों का है, जिन्हें लोकप्रिय रूप से ‘बंदी सिंह’ कहा जाता है।
मानवीय आधारों पर व्यक्तिगत मामलों की जांच की जा सकती है, जिसमें कारावास की अवधि, वृद्धावस्था, चिकित्सीय परिस्थितियां, जेल में आचरण, पुनर्वास और सजा में छूट या समय से पूर्व रिहाई की पात्रता शामिल है, जो लागू कानूनों, न्यायिक निर्णयों, सार्वजनिक सुरक्षा और पीड़ितों के अधिकारों के अधीन होगी। हिंदू-सिख संबंध एक ऐसी अनमोल सभ्यतागत विरासत है, जिसे चुनावी राजनीति के उतार-चढ़ाव के अधीन नहीं किया जा सकता। पंजाब में किसी भी राजनीतिक सांझेदारी का स्थायी महत्व इस बात में नहीं होगा कि वह कितनी सीटें जीतती है, बल्कि इस संबंध को मजबूत करने, आर्थिक विश्वास बहाल करने, लोकतांत्रिक भागीदारी को गहरा करने और भारत की शांति, समृद्धि और एकता में योगदान देने की उसकी क्षमता में निहित होगा।-मनिंदर सिंह गिल(मैनेजिंग डायरैक्टर, रेडियो इंडिया, सरी, कनाडा)




