अंतर्राष्ट्रीय

अमेरिका को आंख दिखाने वाले भारत के दोस्त ब्राजील के राष्ट्रपति लुइज से PM मोदी ने की बात

नई दिल्ली: ब्राजील डोनाल्ड ट्रंप की नीतियों का मुखर आलोचक है। वहां की लूला डी सिल्वा सरकार ट्रंप के फैसलों का खुलकर विरोध कर चुकी है। लेकिन सबसे खास बात यह है कि ब्राजील के राष्ट्रपति भारत के साथ मजबूत रिश्तों को भी जोर देते आए हैं। इस बीच एक बार फिर अमेरिका को आंखें दिखाने वाले ब्राजील के राष्ट्रपति से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बात की है। पीएम मोदी ने ब्राजील के राष्ट्रपति लुइज इनासियो लूला डा सिल्वा से बात की। दोनों नेताओं ने भारत-ब्राजील रणनीतिक साझेदारी में हुई प्रगति को लेकर समीक्षा की।

लूला और पीएम मोदी ने ग्लोबल साउथ के लिए द्विपक्षीय सहयोग के महत्व पर भी जोर दिया। मोदी ने लूला से यह भी कहा कि अपनी आगामी भारत यात्रा के दौरान उम्मीद है कि लूला AI समिट में भी हिस्सा लेंगे। पिछले साल अमेरिका के साथ टैरिफ विवाद के बीच लूला ने कहा था कि वह 2026 की शुरुआत में भारत आएंगे। पीएम मोदी ने कहा कि वह ब्राजील के राष्ट्रपति का स्वागत करने की प्रतिक्षा कर रहे हैं। बता दें कि लूला 19 से 21 फरवरी तक भारत का दौरा करेंगे। पीएम मोदी और लूला के बीच 45 मिनट तक चली बातचीत में दोनों नेताओं ने UNSC सुधारों के लिए मिलकर काम करने का संकल्प लिया और गाजा में शांति और बहुपक्षवाद के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।

लूला से बात करके खुशी हुई- मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर खुद ये जानकारी शेयर की। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति लूला से बात करके खुशी हुई। हमने भारत-ब्राजील रणनीतिक साझेदारी में मजबूत गति की समीक्षा की, जो आने वाले साल में नई ऊंचाइयों पर पहुंचने के लिए तैयार है। ग्लोबल साउथ के साझा हितों को आगे बढ़ाने के लिए हमारा करीबी सहयोग बहुत जरूरी है। मैं जल्द ही भारत में उनका स्वागत करने का इंतजार कर रहा हूं।

ट्रंप पर लूला ने लगाया बड़ा आरोप

बता दें कि भारत की तरह, पिछले साल दोनों पक्षों के बीच राजनयिक मनमुटाव के बाद ट्रंप प्रशासन ने ब्राजील पर भी 50% टैरिफ लगाया था। दोनों देशों ने अभी तक गाजा संघर्ष को खत्म करने और स्थायी शांति सुनिश्चित करने के लिए राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के शांति बोर्ड में शामिल होने का निमंत्रण स्वीकार नहीं किया है। ट्रंप की टैरिफ नीतियों के मुखर आलोचक लूला ने इस हफ्ते अमेरिकी राष्ट्रपति पर सोशल मीडिया के जरिए दुनिया पर राज करने की कोशिश करने का आरोप लगाया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button